सांडिया में स्वास्थ्य विभाग का भवन हुआ खस्ताहाल, हादसे का बना खतरा

मुलताई। जनपद की ग्राम पंचायत सांडिया में स्थित स्वास्थ्य विभाग का भवन देखरेख के अभाव में जर्जर अवस्था में पहुंच गया है। कभी इस भवन में ग्रामीणों को स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जाती थीं, लेकिन अब यह पूरी तरह उपेक्षा का शिकार हो चुका है।

 पूरे मामले में बीएमओ डॉक्टर गजेंद्र मीणा का कहना है कि लोक निर्माण विभाग को पत्राचार किया जा रहा है शीघ्र ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।
स्थानीय ग्रामीणों के अनुसार लंबे समय से भवन की मरम्मत या रखरखाव नहीं किया गया, जिसके चलते इसकी हालत लगातार बिगड़ती गई। स्थिति यह है कि भवन के खिड़की-दरवाजे तक गायब हो चुके हैं, जिससे विभाग को आर्थिक नुकसान भी पहुंचा है।
जर्जर हो चुके इस भवन से कभी भी बड़ा हादसा होने की आशंका बनी हुई है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते इस भवन को डिस्मेंटल (ध्वस्त) नहीं किया गया या उचित कार्रवाई नहीं की गई, तो कोई गंभीर दुर्घटना हो सकती है।
ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि जल्द से जल्द इस ओर ध्यान देकर या तो भवन की मरम्मत करवाई जाए या फिर उसे सुरक्षित तरीके से हटाया जाए, ताकि किसी भी अनहोनी से बचा जा सके।