आमला। अनुविभागीय अधिकारी (एसडीएम) शैलेन्द्र बड़ोनिया द्वारा ग्राम पंचायत रमली-परसोडा का औचक निरीक्षण कर विभिन्न शासकीय व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने आंगनवाड़ी केंद्र, शासकीय स्कूल एवं सार्वजनिक वितरण प्रणाली (पीडीएस) दुकान का बारीकी से निरीक्षण किया।
आंगनवाड़ी केंद्र में बच्चों को दिए जा रहे पोषण आहार, उपस्थिति एवं अन्य व्यवस्थाओं की जांच की गई। वहीं शासकीय स्कूल में शिक्षा की गुणवत्ता, विद्यार्थियों की उपस्थिति तथा मूलभूत सुविधाओं का भी अवलोकन किया गया। एसडीएम ने यह सुनिश्चित करने पर जोर दिया कि बच्चों को बेहतर शिक्षा और पोषण दोनों समय पर उपलब्ध हो।
इसके साथ ही पीडीएस दुकान में खाद्यान्न वितरण व्यवस्था और रिकॉर्ड का भी परीक्षण किया गया। उन्होंने निर्देश दिए कि पात्र हितग्राहियों को समय पर और पारदर्शिता के साथ राशन उपलब्ध कराया जाए तथा किसी भी प्रकार की अनियमितता न हो।
निरीक्षण के दौरान महिला एवं बाल विकास विभाग की सीडीपीओ, जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी (सीईओ), आंगनवाड़ी सुपरवाइजर, पटवारी, पंचायत सचिव एवं ग्राम रोजगार सहायक भी उपस्थित रहे।
एसडीएम ने पंचायत क्षेत्र में निर्मित मोक्षधाम शेड एवं अन्य विकास कार्यों का भी निरीक्षण कर उनकी गुणवत्ता की जांच की। साथ ही मौके पर उपस्थित ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को उनके शीघ्र निराकरण के निर्देश दिए।
उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी शासकीय योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक समयबद्ध और पारदर्शी तरीके से पहुंचे। किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
— प्रशासन की इस सक्रियता से ग्रामीण क्षेत्र में व्यवस्थाओं के सुधार और पारदर्शिता की उम्मीद बढ़ी है।

Continue With Google
Comments (0)