बैतूल/मुलताई: किसान संघर्ष समिति ने 1 जनवरी से "बीज विधेयक व बिजली विधेयक 2025 रद्द करो, मनरेगा बहाल करो" यात्रा शुरू करने की घोषणा की है। इस यात्रा का उद्देश्य 16 जनवरी को राष्ट्रव्यापी प्रतिरोध दिवस का प्रचार-प्रसार करना है। समिति के जिला अध्यक्ष जगदीश दोड़के ने प्रेस विज्ञप्ति के माध्यम से इस बात की जानकारी दी।

यात्रा का शुभारंभ समिति के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व विधायक डॉ. सुनीलम किसान स्तंभ से करेंगे। इस अवसर पर समिति की प्रदेश अध्यक्ष एड आराधना भार्गव भी उपस्थित रहेंगी।

यात्रा के दौरान समिति 1 जनवरी से 11 जनवरी 2026 तक 100 से अधिक गांवों में पहुंचेगी। गांव-गांव जाकर पर्चे वितरित किए जाएंगे और किसानों, मजदूरों एवं ग्रामीणों को 12 जनवरी 2026 को मुलतापी में आयोजित 28वें शहीद किसान स्मृति सम्मेलन में भाग लेने के लिए आमंत्रित किया जाएगा।

किसानों की प्रमुख मांगें

  • एमएसपी (C2+50%) की कानूनी गारंटी
  • किसानों की सम्पूर्ण कर्ज़ माफी
  • बीज विधेयक 2025 एवं बिजली सुधार विधेयक को रद्द करना
  • मनरेगा योजना बहाल करना
  • सरकार द्वारा घोषित समर्थन मूल्य पर मक्का, सोयाबीन एवं धान की खरीद
  • वर्ष 2017 की भावांतर योजना की बकाया राशि का भुगतान
  • मंडियों में मक्का की सुनिश्चित खरीद
  • अतिवृष्टि से नष्ट हुई फसल पर राहत राशि एवं फसल बीमा
  • स्मार्ट मीटर पर रोक
  • सिंचाई हेतु दिन में 12 घंटे बिजली की उपलब्धता
  • पर्याप्त कृषि सामग्री की उपलब्धता
  • दूध की खरीद 15 रुपये प्रति फैट दर पर
  • गिरदावरी में सुधार एवं गलत गिरदावरी दर्ज करने वाले अधिकारियों पर कार्रवाई
  • टीसी कनेक्शन की शर्तों के बिना 90% सब्सिडी पर 10 एचपी तक सोलर पंप की उपलब्धता

किसान संघर्ष समिति की यह यात्रा व्यापक स्तर पर किसानों को संगठित करेगी और उनकी मांगों को मजबूती से प्रस्तुत करेगी।