गैस संकट पर कांग्रेस का अनोखा प्रदर्शन: गटर से गैस निकालकर चाय बनाने की कोशिश

शहडोल: जिले में रसोई गैस सिलेंडरों की कमी और कथित कालाबाजारी के विरोध में कांग्रेस ने सोमवार को एक अनोखा प्रदर्शन किया। जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अजय अवस्थी के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने शहर के गांधी चौक पर प्रतीकात्मक "गटर गैस प्लांट" लगाकर विरोध दर्ज कराया।

कार्यकर्ताओं ने वर्ष 2017 में प्रधानमंत्री द्वारा गटर से गैस बनाने के कथित बयान का संदर्भ देते हुए एक बर्तन में पाइप लगाकर नाले से गैस निकालने और चाय बनाने की कोशिश की। चूल्हा नहीं जलने पर इसे "जुमला" बताते हुए केंद्र सरकार पर निशाना साधा।

गैस की किल्लत पर कांग्रेस का आरोप

धरना-प्रदर्शन के दौरान जिलाध्यक्ष अजय अवस्थी ने कहा कि शहडोल जिले में रसोई गैस की भारी किल्लत है। उपभोक्ताओं को सिलेंडर लेने के लिए गैस एजेंसियों के चक्कर लगाने पड़ रहे हैं और कई दिनों तक इंतजार के बाद भी गैस उपलब्ध नहीं हो रही है, जिससे घरों की रसोई व्यवस्था प्रभावित हो रही है।

उन्होंने आरोप लगाया कि क्षेत्र से प्राकृतिक संसाधनों का दोहन किया जा रहा है, लेकिन स्थानीय लोगों को बुनियादी सुविधाओं के लिए संघर्ष करना पड़ रहा है। अवस्थी ने कहा कि पाइपलाइन से गैस पहुंचाने की योजना वर्षों से अधूरी पड़ी है और इसे जल्द पूरा किया जाना चाहिए।

प्रशासन से जांच की मांग

कांग्रेस नेताओं ने प्रशासन से जिले की गैस एजेंसियों की आपूर्ति व्यवस्था की जांच कराने की मांग की है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि समस्या का समाधान जल्द नहीं किया गया तो कांग्रेस आम जनता के साथ मिलकर बड़ा आंदोलन करेगी।

प्रदर्शन में पूर्व जिलाध्यक्ष नीरज द्विवेदी, कुलदीप निगम, सुनील खरे (गुड्डू), प्रभात पांडेय, पीयूष शुक्ला सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।