बैतूल। जिले में गौवंश तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत शाहपुर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए बोलेरो पिकअप वाहन से 15 नग गौवंश बरामद कर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने वाहन सहित गौवंश जप्त कर आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया है।
पुलिस अधीक्षक बैतूल वीरेन्द्र जैन द्वारा जिले में गौवंश तस्करी पर प्रभावी रोक लगाने के लिए सभी थाना प्रभारियों को सख्त निर्देश दिए गए हैं। इसी के तहत अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमला जोशी एवं एसडीओपी राजेश कुमार तिवारी के निर्देशन में थाना प्रभारी शाहपुर निरीक्षक अरविन्द कुमरे के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई।
पुलिस को 18 मई की रात्रि सूचना प्राप्त हुई थी कि घोड़ाडोंगरी से अर्जुनगोंदी जंगल मार्ग की ओर एक बोलेरो पिकअप में गाय-बछड़ों को भरकर ले जाया जा रहा है। सूचना मिलते ही शाहपुर पुलिस ने तत्काल घेराबंदी कर पिकअप क्रमांक MP48-G-3585 को रोक लिया।
वाहन की तलाशी लेने पर उसमें 15 गौवंश — 3 गाय, 3 सांड एवं 9 बछिया — अमानवीय तरीके से मुंह और पैर बांधकर ठूंस-ठूंस कर भरे हुए मिले। पुलिस ने मौके से वाहन चालक पंकज बारसे निवासी शोभापुर थाना रानीपुर एवं लोकेश ग्वालवंशी निवासी ग्राम बांसपानी थाना कोतवाली बैतूल को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस द्वारा पिकअप वाहन सहित सभी गौवंश जप्त कर आरोपियों के विरुद्ध म.प्र. गौवंश वध प्रतिषेध अधिनियम, पशु क्रूरता निवारण अधिनियम एवं बीएनएस की विभिन्न धाराओं के तहत अपराध क्रमांक 247/26 पंजीबद्ध किया गया है।
बरामद गौवंश को सुरक्षा के लिए बाकाखोदरी गौशाला पहुंचाया गया, जहां एक गौवंश मृत पाया गया। मृत मवेशी का मेडिकल एवं पोस्टमार्टम कराने के लिए पशु चिकित्सक को सूचना दी गई है। वहीं अन्य 14 गौवंश सुरक्षित बताए गए हैं।
गिरफ्तार आरोपी
पंकज पिता महेश बारसे, उम्र 24 वर्ष, निवासी शोभापुर थाना रानीपुर जिला बैतूल
लोकेश ग्वालवंशी पिता कमलेश ग्वालवंशी, उम्र 19 वर्ष, निवासी ग्राम बांसपानी चौकी पाढर थाना कोतवाली जिला बैतूल
दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
सराहनीय भूमिका
पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक अरविन्द कुमरे, सउनि सुनील कैथवास, सउनि भीकम सिंह राज, आरक्षक राजेश सेन, शुभम, आदेश एवं प्रधान आरक्षक अनुप कहार की महत्वपूर्ण भूमिका रही।