महाशिवरात्रि पर नगर में शिवालयों में भव्य आयोजन, श्रद्धालुओं की उमड़ी भीड़

महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर नगर के शिवालयों में श्रद्धा, आस्था और उत्साह के साथ विशेष आयोजन किए गए। गौरीशंकर मंदिर में भगवान शिव का विशेष श्रृंगार और महारुद्राभिषेक संपन्न हुआ, जबकि भूतेश्वर महादेव मंदिर में शिवलिंग निर्माण के साथ भगवान भोलेनाथ का विशेष श्रृंगार किया गया।

कमला नेहरू वार्ड स्थित मां विंध्यवासिनी मंदिर से शंकर जी की बारात निकाली गई, जिसने नगर के विभिन्न स्थानों पर भव्य प्रदर्शन किया। थाना मंदिर चौराहे पर बारात का स्वागत भस्म और फूलों की वर्षा से किया गया। बारातियों में विभिन्न रूप धारण किए भक्त शामिल थे, जिनमें कुछ ने असुर दानव का वेश धारण किया और कुछ ने गले में सांप लपेटे हुए थे।

बारात ने नगर के प्रमुख स्थलों से गुजरते हुए भूतेश्वर महादेव मंदिर में भगवान भूतेश्वरनाथ के दर्शन किए। इसके बाद गौरीशंकर मंदिर में भगवान भोले भंडारी की भव्य बारात पहुंची। बारात में बैंड-बाजे, ढोल-नगाड़े, अखाड़े, भजन पार्टी, और डीजे साउंड पर झूमते श्रद्धालु नजर आए। सुंदर सजीव झांकियों ने धार्मिक आयोजन की शोभा बढ़ाई।

हाथी पर सवार होकर बाबा महाकाल की सवारी नगर भ्रमण के लिए निकली, जबकि भगवान भोले की झांकी बग्गी पर सजाई गई, जो विशेष आकर्षण का केंद्र रही। बारात में शुक्र, शनि, नंदी, ब्रह्मा जी, विष्णु, शंकराचार्य और नौ ग्रहों की झांकियां शामिल की गईं।

गौरीशंकर मंदिर के मुख्य द्वार पर दूल्हे की अगवानी की गई और मंदिर प्रांगण में विधिपूर्वक विवाह की रस्में निभाई गईं। विवाह के बधाई गीत गाए गए और शिवजी के बारातियों का स्वागत किया गया। मंदिर प्रांगण में हवन कुंड में चारों पहर का रुद्राभिषेक हवन पूजन भी किया गया।

इस आयोजन को भोले के भक्त कावड़ मित्र मंडली के तत्वाधान में आयोजित किया गया। महाशिवरात्रि के पर्व पर नगर के सभी शिवालयों, शंकर जी का चबूतरा, भूतेश्वरनाथ मंदिर, गौरीशंकर मंदिर सहित सभी शिव मंदिरों में हवन पूजन संपन्न किए गए।