आमला। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी के निर्देशानुसार संगठन को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए जिला कांग्रेस अध्यक्ष निलय डागा की अनुशंसा पर जिले में 7 नए नगर अध्यक्षों की नियुक्ति की गई है। इसी क्रम में आमला नगर कांग्रेस अध्यक्ष के रूप में अजय सोलंकी को मनोनीत किया गया है।

अजय सोलंकी का राजनीतिक सफर लंबे समय से कांग्रेस संगठन से जुड़ा रहा है। वे युवा कांग्रेस विधानसभा अध्यक्ष के रूप में दो बार निर्वाचित हो चुके हैं। इसके अलावा वे एनएसयूआई के निर्वाचित ब्लॉक अध्यक्ष तथा बरकतुल्ला विश्वविद्यालय प्रभारी की जिम्मेदारी भी निभा चुके हैं। छात्र राजनीति से लेकर संगठनात्मक जिम्मेदारियों तक उनका अनुभव उन्हें पार्टी के एक सक्रिय और जमीनी कार्यकर्ता के रूप में स्थापित करता है।

अजय सोलंकी के पिता तोरसिंह सोलंकी भी कांग्रेस के स्वच्छ छवि वाले वरिष्ठ और कद्दावर नेता माने जाते हैं, जिनकी क्षेत्र में अच्छी पकड़ और पहचान रही है।

अजय सोलंकी के नगर कांग्रेस अध्यक्ष बनने के बाद आमला में लंबे समय से बिखरे हुए कांग्रेस कार्यकर्ताओं और समर्थकों में नई उम्मीद जगी है। उनकी नियुक्ति के बाद वरिष्ठ कांग्रेस नेताओं, युवाओं, कार्यकर्ताओं और समाजसेवियों ने उन्हें शुभकामनाएं देते हुए संगठन को नई मजबूती मिलने की उम्मीद जताई है।

कांग्रेस संगठन द्वारा जारी सूची के अनुसार इन नियुक्तियों का मुख्य उद्देश्य जमीनी स्तर पर संगठन को सक्रिय करना, कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा का संचार करना और आगामी चुनावों को ध्यान में रखते हुए पार्टी की पकड़ मजबूत करना है।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने सभी नवनियुक्त नगर अध्यक्षों को बधाई देते हुए कहा कि संगठन को मजबूत करने में उनकी भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण होगी। उन्होंने विश्वास जताया कि सभी पदाधिकारी पूर्ण निष्ठा, समर्पण और जिम्मेदारी के साथ पार्टी की विचारधारा को आगे बढ़ाएंगे तथा आम जनता के मुद्दों को मजबूती से उठाने का कार्य करेंगे।