बैतूल: सड़क दुर्घटनाओं में बढ़ती जनहानि को गंभीरता से लेते हुए पुलिस मुख्यालय भोपाल के पुलिस प्रशिक्षण एवं शोध संस्थान के पुलिस उप महानिरीक्षक (DIG) श्री टी.के. विद्यार्थी ने बैतूल जिले की सड़क सुरक्षा व्यवस्था की व्यापक समीक्षा की। यह समीक्षा थाना शाहपुर में आयोजित बैठक के माध्यम से की गई।

बैठक में पुलिस अधीक्षक श्री वीरेंद्र जैन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्रीमती कमला जोशी, एसडीओपी श्री मयंक तिवारी, यातायात प्रभारी श्री गजेंद्र कैन सहित जिले के वरिष्ठ अधिकारी एवं NIC तथा NHAI टोल प्लाजा से संबंधित अधिकारी भी उपस्थित रहे।

विगत पाँच वर्षों के सड़क दुर्घटना आंकड़ों का थानावार विश्लेषण करते हुए उन क्षेत्रों को चिन्हित किया गया जहां दुर्घटनाएं अधिक होती हैं। DIG श्री विद्यार्थी ने निर्देश दिए कि इन हॉट स्पॉट्स पर इंजीनियरिंग सुधार, रेडियम साइनेज, संकेतक बोर्ड, और स्पीड कंट्रोल उपाय शीघ्र लागू किए जाएं।

श्री विद्यार्थी ने बताया कि पिछले वर्ष बैतूल में लगभग 450, मध्य प्रदेश में 15,000 और देशभर में दो लाख से अधिक लोग सड़क दुर्घटनाओं में मारे गए, जो अत्यंत चिंताजनक है। उन्होंने जिले में दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए किए जा रहे प्रयासों एवं जन-जागरूकता अभियानों की सराहना की।

अधिकारियों को यातायात शिक्षा, सड़क इंजीनियरिंग सुधार, और आपातकालीन चिकित्सा सेवाओं के लिए विभागों के साथ समन्वय स्थापित करने के निर्देश दिए गए। राष्ट्रीय राजमार्ग की एम्बुलेंस व क्रेन के प्रभावी उपयोग, एवं कैशलेस उपचार योजना को विशेष प्राथमिकता देने पर जोर दिया गया।

DIG महोदय ने थाना शाहपुर में डाटा एंट्री व्यवस्था का निरीक्षण किया और कर्मचारियों को आवश्यक सुधारात्मक सुझाव दिए। eDAR एवं ट्रिब्यूनल/बीमा कंपनियों को समय-सीमा में सूचना प्रेषण की व्यवस्था की सराहना की गई।

जन-जागरूकता संदेश

  • सड़क पर लापरवाही नहीं, जिम्मेदारी जरूरी।
  • यातायात नियमों का पालन करें, हेलमेट एवं सीट बेल्ट का अनिवार्य उपयोग करें।
  • नशे की हालत में वाहन न चलाएँ।

दुर्घटना की स्थिति में घायलों की सहायता करना मानवता का कार्य है। गुड सेमेरिटन एवं राहवीर योजना के अंतर्गत सहायता करने वाले नागरिकों को कानूनी संरक्षण एवं प्रोत्साहन प्रदान किया जाता है।