बैतूल। बैतूल-नागपुर हाईवे पर शुक्रवार रात करीब 8 बजे ससुद्रा के पास स्थित बंद पड़ी चेक पोस्ट पर एक ट्रक चालक के साथ कथित मारपीट के बाद हालात तनावपूर्ण हो गए। घटना के विरोध में ट्रक चालकों ने मोर्चा खोलते हुए हाईवे पर ट्रक खड़ा कर रास्ता जाम कर दिया, जिससे सड़क के दोनों ओर करीब दो किलोमीटर लंबा जाम लग गया।
जानकारी के अनुसार, इंदौर निवासी ट्रक चालक रोहित बैरागी से चेक पोस्ट पर कुछ लोगों द्वारा कथित रूप से अवैध वसूली की मांग की गई। इसी बात को लेकर हुई कहासुनी देखते ही देखते हाथापाई में बदल गई। घटना से आक्रोशित चालक ने अपना ट्रक हाईवे पर आड़ा खड़ा कर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया।
देखते ही देखते अन्य ट्रक चालक भी मौके पर पहुंच गए और उन्होंने भी घटना के विरोध में आवाज उठाई। जाम के कारण दोनों लेन पर वाहनों की लंबी कतार लग गई, जिससे आम यात्रियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा।
घटना की सूचना मिलते ही मुलताई थाना प्रभारी मौके पर पहुंचे और स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किया, लेकिन आक्रोशित ट्रक चालक तत्काल मानने को तैयार नहीं थे। बाद में साईंखेड़ा थाना पुलिस भी मौके पर पहुंची और समझाइश के प्रयास जारी रहे।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ट्रक चालक अपनी मांगों को लेकर अड़े हुए थे और दोषियों पर कार्रवाई की मांग कर रहे थे। फिलहाल पुलिस द्वारा स्थिति को सामान्य करने के प्रयास किए जा रहे हैं।
इस घटना ने एक बार फिर हाईवे पर कथित अवैध वसूली और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं।

Continue With Google
Comments (0)