आमला। विकासखंड के ग्राम तिरमहू में हुई आगजनी की घटना को लेकर ब्लॉक कांग्रेस कमेटी ने प्रशासन के खिलाफ मोर्चा खोलते हुए पीड़ित किसानों को उचित मुआवजा दिलाने की मांग की है। इस संबंध में कांग्रेस पदाधिकारियों ने तहसीलदार को एसडीएम के नाम ज्ञापन सौंपा।

ज्ञापन में बताया गया कि 23 मार्च 2026 को दोपहर करीब 12:30 बजे खेतों के ऊपर से गुजर रही बिजली लाइन में शॉर्ट सर्किट होने से भीषण आग लग गई। कांग्रेस ने इस घटना के लिए बिजली विभाग की लापरवाही को जिम्मेदार ठहराया है।

आग की चपेट में आकर करीब 6 एकड़ में खड़ी फसल जलकर राख हो गई। इसमें लगभग 3 एकड़ में लगी गन्ने की फसल, जो किसान नितिन सराटकर और किस्मतराव सराटकर की थी, पूरी तरह नष्ट हो गई। वहीं किसान राजेंद्र सराटकर की करीब 3 एकड़ गेहूं की फसल भी आग में जलकर खत्म हो गई।

ग्रामीणों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन आरोप है कि सूचना देने के बावजूद फायर ब्रिगेड और संबंधित अधिकारी समय पर मौके पर नहीं पहुंचे, जिससे नुकसान और अधिक बढ़ गया।

कांग्रेस नेताओं ने कहा कि प्रभावित किसान पूरी तरह खेती पर निर्भर हैं और इस नुकसान से उनकी आजीविका पर गंभीर संकट खड़ा हो गया है। ऐसे में शासन-प्रशासन को तत्काल राहत प्रदान करते हुए किसानों को अधिक से अधिक मुआवजा राशि दी जानी चाहिए।

इसके साथ ही कांग्रेस ने मांग की है कि खेतों के ऊपर से गुजर रही जर्जर बिजली लाइनों की तत्काल मरम्मत करवाई जाए और बिजली विभाग को सख्त निर्देश दिए जाएं, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।

ज्ञापन सौंपते समय प्रदेश कांग्रेस प्रतिनिधि मनोज मालवे, ब्लॉक कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष विजेंद्र भावसार, पूर्व ब्लॉक अध्यक्ष मनोज देशमुख, नितिन गाडरे, प्रदीप कोकाटे, यशवंत हुड़े, मनीष नागले सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।