आमला। सीमित संसाधनों के बीच भी बड़े सपने कैसे पूरे किए जाते हैं, इसका जीता-जागता उदाहरण बने हैं यूनिवर्सल हायर सेकेंडरी स्कूल (पूर्व लाइफ कॅरियर स्कूल) के छात्र उदित पवार। उन्होंने माध्यमिक शिक्षा मंडल, मध्यप्रदेश की कक्षा 10वीं बोर्ड परीक्षा में 98.4 प्रतिशत अंक अर्जित कर प्रदेश की प्रावीण्य सूची में 8वां स्थान हासिल किया है। इसके साथ ही वे बैतूल जिले में द्वितीय एवं आमला विकासखंड में प्रथम स्थान पर रहे हैं।

उदित की यह सफलता इसलिए और भी खास है क्योंकि उन्होंने बिना किसी कोचिंग या ट्यूशन के केवल विद्यालय के शिक्षकों के मार्गदर्शन और अपनी मेहनत के दम पर यह मुकाम हासिल किया। उनके पिता गिरधारी पवार ऑटो चालक हैं और माता सिलाई का कार्य करती हैं। साधारण परिवार से आने वाले उदित ने अपनी प्रतिभा और परिश्रम से यह साबित कर दिया कि सफलता के लिए संसाधन नहीं, बल्कि संकल्प जरूरी होता है।

विद्यालय के अन्य विद्यार्थियों ने भी उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। छात्रा रिदा ने 93.8 प्रतिशत अंक प्राप्त कर द्वितीय स्थान हासिल किया, जबकि अंश निरापुरे ने 89.4 प्रतिशत अंक के साथ तृतीय स्थान प्राप्त किया। कक्षा 10वीं के कुल 14 विद्यार्थियों ने 75 प्रतिशत से अधिक अंक अर्जित कर प्रावीण्य सूची में स्थान बनाया, जो विद्यालय की शैक्षणिक गुणवत्ता को दर्शाता है।

वहीं कक्षा 12वीं बोर्ड परीक्षा में भी विद्यालय ने शानदार परिणाम दिए। अश्विनी छेरकी ने 94 प्रतिशत अंक प्राप्त कर विद्यालय में प्रथम स्थान प्राप्त किया। इसके अलावा अर्शी खान (91.4%), मयूर बिन्जवे (91.2%) और मन्नत कौर अरोरा (90.2%) ने भी उत्कृष्ट अंक प्राप्त कर प्रावीण्य सूची में स्थान बनाया।

कक्षा 12वीं में कुल 30 विद्यार्थियों ने 75 प्रतिशत से अधिक अंक अर्जित किए हैं, जिन्हें मध्यप्रदेश शासन द्वारा लैपटॉप के लिए 25,000 रुपये की प्रोत्साहन राशि प्रदान की जाएगी।

इस गौरवपूर्ण उपलब्धि पर संस्था के संचालक एडवोकेट शाहिद बेग एवं एडवोकेट हसीब बेग, प्राचार्या रश्मि सोनी तथा निशा यादव, सोनिका जोशी, मनीषा रावत, शेख आरिफ, कृष्णा बोरकर, लक्ष्मण धोटे, लक्ष्य गुरनानी, कोमल निरापुरे, भाग्यश्री पवार, दीपशिखा मोहखेडे, दीपक रघुवंशी, वामनराव गावंडे आदि शिक्षक शिक्षिकाओं ने बधाई  देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है। विद्यालय परिवार ने इसे मेहनत, अनुशासन और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा का परिणाम बताया है।