शासन के निर्देश पर गांव-गांव में गठित की जा रही आपदा प्रबंधन समितियां। 

मुलताई।शासन के आदेशानुसार जिले के चयनित ग्रामों में आपदा प्रबंधन समिति का गठन किया जा रहा हैं, आपदा के समय त्वरित एवं प्रभावी राहत और बचाव कार्य सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जिले में ग्राम स्तर पर आपदा प्रबंधन को सशक्त बनाने की पहल की जा रही है।
जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण बैतूल के निर्देशन में आपदा सतपुड़ा जनजागरण समिति तथा आपदा प्रबन्धन संस्थान भोपाल द्वारा जिले के चयनित गांवों में ग्राम स्तरीय आपदा प्रबंधन समितियों एवं आपदा प्रबंधन दलों का गठन कर उन्हें प्रशिक्षण प्रदान किया जा रहा है। 
इस कार्यक्रम के अंतर्गत ग्राम जौलखेड़ा में स्थानीय लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करते हुए समितियों और दलों का गठन किया गया। इनमें ग्रामीण युवाओं, स्वयंसेवकों, महिला समूहों और पंचायत प्रतिनिधियों को शामिल किया गया है, ताकि आपदा की स्थिति में गांव स्तर पर ही त्वरित सहायता उपलब्ध कराई जा सके। 
प्रशिक्षण कार्यक्रम में संस्था के प्रशिक्षकों द्वारा प्रतिभागियों को आपदा से पूर्व तैयारी, आपदा के दौरान राहत एवं बचाव कार्य, प्राथमिक उपचार, सुरक्षित निकासी (एवाक्युएशन) सहित विभिन्न विषयों पर जानकारी दी जा रही है। साथ ही आगजनी, बाढ़, आंधी-तूफान, आकाशीय बिजली, सर्पदंश, तापघात (हीटवेव), शीतलहर (कोल्डवेव), अतिवृष्टि तथा अन्य प्राकृतिक एवं मानव जनित आपदाओं से निपटने के उपायों से भी अवगत कराया जा रहा है। 
समिति के प्रतिनिधि विजय राम, गौरव नागले, आकाश, यश नागले, अभिषेक हु्रमाड़े ने बताया कि, यह प्रशिक्षण कार्यक्रम जिले के विभिन्न चयनित गांवों में चरणबद्ध तरीके से आयोजित किया जा रहा है। इसका उद्देश्य ग्रामीण समुदाय को आपदा के प्रति जागरूक, सतर्क और सक्षम बनाना है।