आमला। ग्राम पंचायत सोमलापुर के अंतर्गत आने वाले ग्राम पस्तलाई माल के वार्ड क्रमांक 16 के ग्रामीण पिछले कई वर्षों से बिजली और पेयजल जैसी मूलभूत सुविधाओं के अभाव में जीवन यापन करने को मजबूर हैं। समस्या के समाधान नहीं होने से नाराज ग्रामीणों ने अनुविभागीय अधिकारी (एसडीएम) आमला को ज्ञापन सौंपकर शीघ्र कार्रवाई की मांग की है।

ग्रामीणों ने बताया कि उनके वार्ड में पूर्व में 24 घंटे बिजली आपूर्ति के लिए एक ट्रांसफार्मर लगाया गया था, लेकिन संबंधित ठेकेदार उसे हटाकर ले गया। जब ग्रामीणों ने इसका विरोध किया तो उन्हें आश्वासन दिया गया कि जल्द ही नया ट्रांसफार्मर लगाया जाएगा। ग्रामीणों का आरोप है कि करीब 4 से 5 वर्ष बीत जाने के बाद भी नया ट्रांसफार्मर नहीं लगाया गया, जिससे वार्ड के लोगों को बिजली की गंभीर समस्या का सामना करना पड़ रहा है।

ग्रामीणों का कहना है कि इस संबंध में कई बार विद्युत विभाग के अधिकारियों को शिकायत की गई, लेकिन आज तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। वहीं दूसरी ओर वार्ड में पेयजल की समस्या भी लगातार बनी हुई है। महिलाओं और बच्चों को दूर-दराज के क्षेत्रों से पानी लाना पड़ता है, जिससे उन्हें रोजाना भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

ग्रामीणों ने बताया कि बिजली और पानी की समस्या को लेकर पूर्व में भी दो बार ज्ञापन दिया जा चुका है, लेकिन जिम्मेदार विभागों द्वारा कोई ध्यान नहीं दिया गया। इससे ग्रामीणों में नाराजगी बढ़ती जा रही है।

ग्रामीणों ने एसडीएम से मांग की है कि वार्ड क्रमांक 16 में शीघ्र ट्रांसफार्मर स्थापित कराया जाए तथा पेयजल व्यवस्था सुचारू करने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएं, ताकि ग्रामीणों को मूलभूत सुविधाओं का लाभ मिल सके।

ज्ञापन देने वालों में श्यामवती, सीता, सुकरती, रविता, कुलवंती, फूलवंती, रामबती, गीता, ताराबती, ममता, सरिता सहित अन्य ग्रामीण शामिल हैं।