नवाड़ में अस्थायी विद्युत तार टूटने से करंट फैला, चार पशुओं की मौत; विभाग पर उठे सवाल। 

 

  नेपानगर के ग्राम पंचायत सीवल के नवाड क्षेत्र में अस्थायी विद्युत सप्लाय लाइन के तार टूटने से करंट फैल गया, जिससे बुधवार शाम चार पशुओं की मौत हो गई। घटना शाम 6 बजे की है, जब पशुओं के मरने की सूचना फैलने के बाद राहगीरों ने पशुपालकों को जानकारी दी। हालांकि, पहले टूटे तार में विद्युत सप्लाय नहीं हो रहा था, लेकिन अज्ञात कारणों से अचानक तार में करंट आ गया। जानकारी के अनुसार, इस हादसे में हरि लक्ष्मण की एक भैंस, तुलसीराम अंतया का एक बैल और महेंद्र तायडे की दो भैंस की मौत हुई है। 

 

पशुपालकों ने बताया कि नवाड़ क्षेत्र में अतिक्रमणकारी गैरकानूनी रूप से रहते हैं, फिर भी उन्हें विद्युत कनेक्शन दिए गए। उन्होंने आरोप लगाया कि विद्युत विभाग ने बिना उचित जांच के कनेक्शन बांट दिए, जिसके चलते यह घटना हुई। निवासियों ने यह भी बताया कि लंबे समय से तार टूटकर नदी में गिरे हुए थे और उन्हें उठाना किसी ने मुनासिब नहीं समझा। 

 

गौरतलब है कि विद्युत विभाग द्वारा वन विभाग के अतिक्रमण सेंटर में अस्थायी लाइन सप्लाय की जा रही है, जिस पर पूर्व में भी आपत्ति उठाई गई थी। पूर्व प्रशिक्षु रेंजर आईएफएस अजय गुप्ता ने विद्युत विभाग को नोटिस जारी कर कनेक्शन देने से पहले वन विभाग से अनापत्ति प्रमाण पत्र (एनओसी) लेने की बात कही थी। किसानों ने बताया कि कुछ दिन पूर्व आई आंधी-तूफान से तार टूटकर नदी में गिर गए थे, जिसके बाद से उन्हें उठाया नहीं गया था। अब अचानक यहां करंट सप्लाय हो गया। प्रभावित पशुपालकों ने विभाग से मुआवजे की मांग की है।