आलोट। आगामी त्योहारों को देखते हुए क्षेत्र में कानून व्यवस्था बनाए रखने तथा यातायात व्यवस्था को सुचारु रखने के लिए शनिवार को अनुविभागीय अधिकारी राजस्व आलोट द्वारा समस्त विभाग प्रमुखों एवं पुलिस विभाग के अधिकारियों के साथ बैठक ली गई। बैठक में क्षेत्र की वर्तमान कानून व्यवस्था की समीक्षा करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

बैठक में आगामी त्योहारों के दौरान भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों, धार्मिक स्थलों एवं प्रमुख मार्गों पर आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने पर चर्चा की गई। अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने तथा संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए गए।

यातायात व्यवस्था को लेकर भी आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। प्रमुख बाजारों, बस स्टैंड एवं भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में यातायात को व्यवस्थित रखने तथा आमजन को आवागमन में परेशानी नहीं हो, इसके लिए आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया।

बैठक में दुर्घटना संभावित स्थलों की पहचान कर वहां आवश्यक सुरक्षा व्यवस्था किए जाने, रात्रिगश्त को प्रभावी बनाने तथा कानून व्यवस्था से जुड़े मामलों में तत्काल कार्रवाई एवं विभागीय समन्वय बनाए रखने पर भी जोर दिया गया।

एसडीएम ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि आगामी त्योहारों के दौरान शांति एवं सौहार्द का वातावरण बना रहे, इसके लिए सभी विभाग अपने-अपने स्तर पर आवश्यक तैयारियां समय रहते पूर्ण करें। बैठक में संबंधित विभागों के अधिकारी एवं पुलिस विभाग के अधिकारी मौजूद रहे।