आमला। अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर श्री कृष्णलीला फाउंडेशन आमला द्वारा बोड़खी में महिला सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में केंद्रीय विद्यालय आमला के प्राचार्य मदन मोहन कटियार उपस्थित रहे।
विशिष्ट अतिथियों में तहसीलदार शत्रुघ्न सिंह चौहान, पत्रकार गौरी बालापुरे पद्म, बार एसोसिएशन मुल्ताई के अध्यक्ष सी.एस. चंदेल, वरिष्ठ पत्रकार बबलू चड्ढा, मनोज देशमुख, मनोज मालवे तथा व्यापारी संघ आमला के सचिव हेमंत गुगनानी सहित अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।
कार्यक्रम के सूत्रधार एडवोकेट राजेंद्र उपाध्याय ने कहा कि श्री कृष्णलीला फाउंडेशन समाज में जनजागरण के लिए समय-समय पर विभिन्न कार्यक्रम आयोजित करता रहा है। इसी क्रम में परिवार और समाज में उल्लेखनीय योगदान देने वाली महिलाओं को सम्मानित करने के लिए यह आयोजन किया गया।
स्वागत भाषण फाउंडेशन के अध्यक्ष युवा अधिवक्ता शिवम उपाध्याय ने दिया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पत्रकार गौरी बालापुरे ने कहा कि आज समाज में समानता की अवधारणा स्थापित हो रही है और महिलाएं हर क्षेत्र में पुरुषों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर आगे बढ़ रही हैं।
मुख्य अतिथि मदन मोहन कटियार ने अपने संबोधन में कहा कि संयुक्त परिवार को एकजुट बनाए रखने में महिलाओं की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण होती है। वहीं तहसीलदार शत्रुघ्न सिंह चौहान ने कहा कि इस प्रकार के आयोजन समाज में जागरूकता और प्रेरणा का संदेश देते हैं।
सम्मान समारोह के दौरान माहौल उस समय भावुक हो गया जब महक पाटिल को सम्मानित किया गया। महक अपने पिता के साथ ठेले पर नाश्ते की दुकान चलाने में सहयोग करती हैं और बचपन से ही अपने पिता का हाथ बंटा रही हैं। सम्मान मिलने पर वह भावुक हो गईं। इसी तरह रियांशा भाटिया, जो अपने पिता के व्यवसाय में सहयोग करने के साथ-साथ मैनेजमेंट की पढ़ाई भी कर रही हैं, उन्हें भी सम्मानित किया गया और वह भी भावुक हो उठीं।
इसके अलावा बोड़खी के एक 30 सदस्यीय संयुक्त परिवार की बहू रानी कुशवाह (पति सुरेश कुशवाह) तथा आमला के राठौर परिवार की बहू कुसुम राठौर (पति सतीश राठौर) को संयुक्त परिवार को एकजुट रखने के लिए सम्मानित किया गया।
सिविल अस्पताल आमला की पहली महिला सर्जन डॉ. आस्था सोलंकी को भी विशेष रूप से सम्मानित किया गया। इसके साथ ही पुलिस विभाग से विनीता नागवंशी, इमला इवनाती, जीआरपी रेलवे आमला से पूजा यादव, पूजन सामग्री की दुकान संचालक मीना साहू, एडवोकेट किरण जायसवाल, विजया जैन, प्रियंका गीद, सोनाली सोनी, शबाना खान सहित कई महिलाओं को सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम को मनोज वाधवा, एडवोकेट सतीश देशमुख, रवि देशमुख, सुरेन्द्र खातरकर, कल्पेश माथनकर, पत्रकार जितेंद्र शर्मा, मधुकर मज्जन, यशपाल ठाकुर, धीरज देशमुख सहित अन्य लोगों ने भी संबोधित किया।
कार्यक्रम का संचालन मनोज विश्वकर्मा ने किया तथा आभार प्रदर्शन शिवम उपाध्याय ने किया। अंत में सभी सम्मानित महिलाओं को स्मृति चिन्ह भेंट किए गए और सहभोज के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।

Continue With Google
Comments (0)