बैतूल। रमजान के पाक महीने में जहां बड़े-बुजुर्ग रोजा रखकर इबादत में मशगूल हैं, वहीं एक नन्ही बच्ची ने भी रोजे की अहमियत को समझते हुए सभी को हैरान कर दिया।
शहर में चार साल की जैनब, पिता मोहम्मद जुबेर पटेल की बेटी ने रोजा रखकर पूरे दिन परिवार के साथ इबादत में समय बिताया। जैनब तीन बहनों में सबसे छोटी है और मदरसा मकतब में अरबी की तालीम ले रही है। परिवार के अनुसार दिनभर उसे भूख-प्यास का ज्यादा अहसास नहीं हुआ और उसने पूरे उत्साह के साथ अपना रोजा पूरा किया।
जैनब के घर में रमजान के महीने में सभी सदस्य रोजा रखते हैं। उसकी बड़ी बहन तंजिला (12 वर्ष) और अलिसा (8 वर्ष) भी पूरे रोजे रख रही हैं।
जैनब के दादा, वरिष्ठ भाजपा नेता और जिले के प्रमुख किराना व्यापारी हाजी युसुफ पटेल ने बताया कि जब वे शाम को घर पहुंचे और उन्हें यह जानकारी मिली कि जैनब ने रोजा रखा है और पूरे दिन निभाया भी, तो वे हैरान रह गए। उन्होंने कहा कि इतनी छोटी उम्र में रोजे की पाबंदी देख उन्हें बेहद खुशी और गर्व महसूस हुआ।
गौरतलब है कि रमजान में रोजा इस्लाम के पांच स्तंभों में से एक माना जाता है। रोजा केवल भूखे-प्यासे रहने का नाम नहीं है, बल्कि यह सब्र, अनुशासन, आत्मसंयम और अल्लाह की इबादत का संदेश देता है। छोटी उम्र में बच्चों का रोजे और इबादत के प्रति रुझान परिवार और समाज में धार्मिक संस्कारों की झलक भी दिखाता है।

Continue With Google
Comments (0)