बुधनी: संपूर्ण बुधनी क्षेत्र इन दिनों कड़ाके की ठंड की चपेट में है। सोमवार की सुबह ने घने कोहरे के साथ दस्तक दी, जिससे ठंड ने अपने पूरे सितम का एहसास कराया। लगातार दूसरे दिन सूर्यदेव के दर्शन न होने से जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ है।
पिछले दो दिनों से दिन और रात के तापमान में भारी गिरावट दर्ज की जा रही है। घने कोहरे और शीतलहर के कारण लोग सुबह-शाम अलाव जलाने पर मजबूर हैं। खेतों में फसलों की पत्तियों पर ओस की बूंदें बर्फ के रूप में जम गई हैं, जिससे किसानों की चिंताएं बढ़ गई हैं।
इस कड़ाके की ठंड ने सबसे ज्यादा असर स्कूल जाने वाले छोटे बच्चों पर डाला है। ठंड और कोहरे के बीच बच्चे भारी कपड़ों में लिपटे हुए स्कूल जाने को मजबूर हैं, जबकि कई अभिभावक बच्चों के स्वास्थ्य को लेकर चिंतित हैं। ठंड के कारण बच्चों में सर्दी-खांसी और बुखार की शिकायतें भी बढ़ रही हैं।
लगातार पड़ रही ठंड ने आम लोगों को घरों में रजाइयों में दुबके रहने पर मजबूर कर दिया है। बाजारों और सार्वजनिक स्थलों पर सुबह के समय सन्नाटा पसरा रहता है।
मौसम विभाग की चेतावनी: मौसम विभाग के अनुसार निकट भविष्य में ठंड से राहत के कोई आसार नजर नहीं आ रहे हैं, जिससे लोगों की परेशानियां और बढ़ सकती हैं।
अतः नागरिकों को सलाह दी जाती है कि वे ठंड से बचने के उपाय करें और आवश्यकतानुसार ही घर से बाहर निकलें।
Continue With Google
Comments (0)