आलोट/रतलाम। मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान का जिला स्तरीय शुभारंभ शुक्रवार, 7 अगस्त को जनपद पंचायत आलोट की ग्राम पंचायत किशनगढ़ से किया जाएगा। कलेक्टर श्री अजय कटेसरिया के निर्देशन में आयोजित इस अभियान के तहत जिला एवं विकासखंड स्तर के अधिकारी ग्रामीण क्षेत्र में पहुंचकर आमजन से सीधा संवाद करेंगे तथा शासन की योजनाओं और सेवाओं के प्रभावी क्रियान्वयन की समीक्षा करेंगे।

निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार सभी जिला स्तरीय अधिकारी प्रातः 11 बजे ग्राम किशनगढ़ में आयोजित शिविर में उपस्थित रहेंगे। शिविर की शुरुआत जनसंवाद से होगी, जिसमें ग्रामीण अपनी समस्याएं और सुझाव प्रशासन के समक्ष रख सकेंगे। इसके बाद जनसुनवाई आयोजित कर नागरिकों की शिकायतों का अधिकतम निराकरण मौके पर ही किया जाएगा। साथ ही सीएम हेल्पलाइन एवं लोक सेवा गारंटी अधिनियम से संबंधित लंबित शिकायतों और आवेदनों के निराकरण की भी कार्रवाई की जाएगी।

अभियान के दौरान कलेक्टर श्री अजय कटेसरिया सहित सभी जिला स्तरीय अधिकारी शिविर क्षेत्र से जुड़ी ग्राम पंचायतों का भ्रमण कर शासकीय व्यवस्थाओं का निरीक्षण करेंगे। ब्लॉक स्तर के अधिकारी भी अभियान में सक्रिय रूप से शामिल रहेंगे। इसके अलावा आसपास की 23 ग्राम पंचायतों के निरीक्षण एवं समीक्षा की जिम्मेदारी विभिन्न अधिकारियों को सौंपी गई है।

मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान के अंतर्गत शासकीय एवं अशासकीय संस्थाओं का निरीक्षण, आमजन एवं उद्यमियों से संवाद, सेवा प्रदाय व्यवस्था की जमीनी हकीकत का आकलन तथा शासन की विभिन्न योजनाओं और कार्यक्रमों के प्रभावी क्रियान्वयन की समीक्षा की जाएगी। अभियान का मुख्य उद्देश्य प्रशासन और जनता के बीच विश्वास को मजबूत करना, व्यवस्थाओं में पारदर्शिता एवं गुणवत्ता सुनिश्चित करना तथा सीएम हेल्पलाइन, जनसुनवाई एवं लोक सेवा गारंटी अधिनियम के अंतर्गत प्राप्त शिकायतों का त्वरित एवं प्रभावी निराकरण करना है।