जबेरा, दमोह: फिल्म और टीवी इंडस्ट्री में अपनी अद्वितीय पहचान बना चुके अभिनेता दिलीप चौधरी अब स्टार भारत के नए धारावाहिक 'कच्चा पापड़ पक्का पापड़' में दिखेंगे। यह धारावाहिक प्रतिदिन रात 9 बजे स्टार भारत चैनल पर प्रसारित होगा।
दिलीप चौधरी इससे पहले भी कई चर्चित टीवी धारावाहिकों और फिल्मों में अपनी अभिनय क्षमता का परिचय दे चुके हैं। उन्होंने स्टार प्लस के लोकप्रिय धारावाहिक 'तोड़कर दिल मेरा' और डीडी नेशनल पर प्रसारित 'जन-जन में राम' में महत्वपूर्ण भूमिकाएं निभाई हैं, जिन्हें दर्शकों ने काफी सराहा।
फिल्मी पर्दे पर दिलीप चौधरी ने अजय देवगन अभिनीत फिल्म 'भोला' में अभिनय किया है। इसके अलावा वेब सीरीज 'कोर्ट कचहरी' और 'सिविल लाइन' में उन्होंने चर्चित फिल्म निर्देशक अनुराग कश्यप के साथ काम किया है। फिल्म 'जनादेश' में वे तुषार कपूर और शेखर सुमन जैसे वरिष्ठ कलाकारों के साथ स्क्रीन साझा कर चुके हैं। वहीं, वेब सीरीज 'लाल बत्ती' में भी वे नाना पाटेकर के साथ नजर आए हैं।
रामायण-कृष्ण लीला से शुरू हुआ अभिनय का सफर
अभिनेता दिलीप चौधरी ने बताया कि बचपन में उनके माता-पिता उन्हें धार्मिक धारावाहिक जैसे रामायण और कृष्ण लीला देखने के लिए प्रेरित करते थे। इन्हीं धारावाहिकों को देखते-देखते उनके मन में अभिनय का सपना जागा और उन्होंने टीवी कलाकार बनने का लक्ष्य तय किया।
इस सपने को पूरा करने के लिए उन्होंने करीब 15 वर्षों तक संघर्ष किया। प्रारंभिक दौर में उन्हें एक एल्बम में काम करने का अवसर मिला, जिसने उन्हें आगे बढ़ने का हौसला दिया। इसके बाद धीरे-धीरे फिल्मों, वेब सीरीज और टीवी धारावाहिकों में लगातार काम मिलने लगा।
अब एक बार फिर दिलीप चौधरी छोटे पर्दे पर अपनी सशक्त अभिनय क्षमता का प्रदर्शन करने के लिए पूरी तरह तैयार हैं। उनके प्रशंसकों को स्टार भारत के इस नए धारावाहिक से काफी उम्मीदें हैं।
Continue With Google
Comments (0)