अखण्ड यादव बल्देवगढ़ (टीकमगढ़)। थाना खरगापुर अंतर्गत पुलिस चौकी देरी क्षेत्र के ग्राम तिगोड़ा में बीती रात खेतों से पानी की मोटर चोरी करते हुए एक आरोपी को ग्रामीणों ने रंगे हाथ पकड़ लिया। आरोपी की पहचान धर्मेन्द्र सिंह के रूप में हुई है, जो अपने दो अन्य साथियों के साथ मिलकर चोरी की वारदात को अंजाम दे रहा था। अंधेरे का लाभ उठाकर उसके दो साथी मौके से फरार हो गए।
ग्रामीणों से प्राप्त जानकारी के अनुसार 14 जनवरी 2026 की रात ग्राम निवासी बिजेश यादव खेत की ओर जा रहे थे। इसी दौरान जब उन्होंने टॉर्च की रोशनी कुएं की दिशा में डाली, तो देखा कि कुछ लोग पानी की मोटर चोरी कर रहे हैं। टॉर्च की रोशनी पड़ते ही आरोपी घबरा गए और मौके से भागने लगे। भागते समय आरोपी अपने जूते और एक मोटरसाइकिल वहीं छोड़ गए, जिससे उनकी पहचान स्पष्ट हो सकी।
घटना की जानकारी मिलते ही गांव के अन्य किसान भी मौके पर पहुंचे। जिन किसानों की मोटर पूर्व में चोरी हो चुकी थी, उन्हें सुबह बुलाया गया। ग्रामीणों ने आरोपी धर्मेन्द्र सिंह को पकड़कर पूछताछ की, जिसमें उसके द्वारा अपने साथियों के साथ मिलकर चोरी की घटनाओं को अंजाम देना बताया जा रहा है।
ग्रामीणों का आरोप है कि धर्मेन्द्र सिंह आदतन अपराधी है और पिछले एक वर्ष में कम से कम तीन बार पानी की मोटर चोरी की घटनाओं में शामिल रहा है, जिसकी शिकायत पहले भी पुलिस चौकी देरी में की जा चुकी है। इसके अतिरिक्त आरोपी पर गांव के मंदिर में चोरी करने तथा कुछ माह पूर्व दो अन्य मोटर चोरी की घटनाओं में संलिप्त रहने के आरोप भी हैं।
इतना ही नहीं, ग्रामीणों ने यह भी आरोप लगाया है कि आरोपी धर्मेन्द्र सिंह कंपोजिट शराब दुकान देरी से ग्रामीण क्षेत्र में अवैध रूप से शराब की सप्लाई करता है। बताया जा रहा है कि वह आसपास के गांवों में चोरी-छिपे शराब पहुंचाता है, जिससे क्षेत्र में अवैध शराब का कारोबार फल-फूल रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि इस संबंध में भी पहले मौखिक शिकायतें की जा चुकी हैं, लेकिन अब चोरी की घटना के बाद मामला और गंभीर हो गया है।
इस घटना के बाद गांव में आक्रोश का माहौल है। ग्रामवासियों ने पुलिस प्रशासन से आरोपी के विरुद्ध चोरी के साथ-साथ अवैध शराब सप्लाई की भी गहन जांच कर सख्त कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है। साथ ही फरार दो अन्य आरोपियों को शीघ्र गिरफ्तार करने की भी मांग की गई है।
ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि समय रहते कठोर कदम नहीं उठाए गए तो क्षेत्र में चोरी और अवैध गतिविधियों का ग्राफ और बढ़ सकता है। उन्होंने क्षेत्र में नियमित पुलिस गश्त बढ़ाने और अवैध शराब कारोबार पर सख्ती से रोक लगाने की मांग की है।
Continue With Google
Comments (0)