सिनेमा सितारे अंकिता लोखंडे और विक्की जैन का देवरी में रोड शो आज

विशेष संवाददाता: सतीष सेन, सागर, मध्य प्रदेश

देवरी कलां/सागर जिले की देवरी नगर पालिका अध्यक्ष पद के उपचुनाव को लेकर राजनीतिक गतिविधियों में तेजी आ गई है। इस चुनाव के लिए 19 जनवरी को मतदान होगा। बॉलीवुड की मशहूर अभिनेत्री और बिग बॉस फेम अंकिता लोखंडे एवं उनके पति अभिनेता विक्की जैन आज देवरी पहुंचेंगे। वे देवरी की कोयला परिवार की बहू और नगर पालिका अध्यक्ष पद की उम्मीदवार श्रीमती नेहा अलकेश जैन के समर्थन में रोड शो करेंगे।

अंकिता लोखंडे, जिन्हें टेलीविजन सीरियल पवित्र रिश्ता में अर्चना देशमुख के किरदार के लिए ख्याति मिली, ने हाल ही में फिल्म स्वतंत्र वीर सावरकर और अन्य प्रोजेक्ट्स में अपने अभिनय का लोहा मनवाया है। उन्होंने बिग बॉस के 17वें सीजन में भी भाग लिया था।

देवरी की कोयला परिवार की बहू

अभिनेत्री अंकिता लोखंडे देवरी नगर के कोयला परिवार की बहू हैं। उनका विवाह व्यवसायी विनोद जैन के सुपुत्र विक्की जैन के साथ हुआ है। दोनों ने बिग बॉस के 17वें सीजन में भाग लिया था और चार वर्ष पूर्व परिणय सूत्र में बंधे थे।

नेहा जैन के समर्थन में रोड शो

अंकिता लोखंडे और विक्की जैन, नगर पालिका अध्यक्ष पद की उम्मीदवार नेहा अलकेश जैन के समर्थन में शुक्रवार को दोपहर 12:00 बजे से देवरी नगर के सेचपुर चौराहे से सिविल लाइन चौराहे तक रोड शो करेंगे। इस दौरान वे देवरी नगर की जनता से नेहा जैन के लिए वोट की अपील करेंगे।

19 जनवरी को देवरी के मतदाता 'भरी कुर्सी और खाली कुर्सी' के चुनाव के लिए अपने घरों से मतदान करने निकलेंगे।