बंडा। नगर में आगामी 22 जनवरी को आयोजित होने वाले ऐतिहासिक 'विराट हिन्दू सम्मेलन' की हलचल तेज हो गई है। आयोजन की पूर्व तैयारियों और जन-जागरण के उद्देश्य से मंगलवार शाम को नगर में एक बाइक रैली निकाली गई। भगवा ध्वजों और जयकारों के साथ निकली इस रैली ने पूरे नगर को उत्साह के रंग में सराबोर कर दिया। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, मंगलवार शाम ठीक 6 बजे कृषि उपज मंडी परिसर से युवाओं और धर्मप्रेमियों की मौजूदगी में बाइक रैली का शुभारंभ हुआ 

मंडी परिसर से शुरू होकर रैली नगर परिषद, रेस्ट हाउस और कचहरी पहुंची। यहाँ से बरायठा तिराहा और झंडा चौक होते हुए रैली बस स्टैंड पहुंची। इसके पश्चात बरा चौराहा और संजय कॉलोनी से होते हुए यह रैली वापस कृषि उपज मंडी परिसर पहुंची। 

22 जनवरी को होगा मुख्य आयोजन

आयोजन समिति के सदस्यों ने बताया कि बाइक रैली का मुख्य उद्देश्य 22 जनवरी को कृषि उपज मंडी परिसर में होने वाले विराट हिन्दू सम्मेलन के लिए समाज के हर वर्ग को आमंत्रित करना और एकजुट करना है। इस सम्मेलन में क्षेत्र के हजारों श्रद्धालुओं और प्रबुद्ध जनों के शामिल होने की संभावना है, जिसके लिए मंडी परिसर में बड़े स्तर पर तैयारियां की जा रही हैं। मंडी परिसर में रैली के समापन पर उपस्थित जनों ने इस आयोजन को भव्य बनाने का संकल्प लिया।