स्थान: सीहोर, तहसील भेरुदा, ग्राम मोगरा खेड़ा
संवाददाता: राकेश कटारे
सीहोर: शिक्षा के महत्व पर जोर देते हुए, राज्यपाल श्री मंगुभाई पटेल ने कहा कि शिक्षा ही बदलाव की सशक्त बुनियाद है। उन्होंने कहा कि शिक्षा के माध्यम से ही परिवार, समाज और देश के विकास का मार्ग प्रशस्त होता है।
राज्यपाल श्री पटेल ने यह विचार सीहोर जिले की भैरूंदा तहसील के ग्राम मोगराखेड़ा में आयोजित जनजातीय विकास सशक्तिकरण सम्मेलन में व्यक्त किए। परंपरागत जनजातीय रीति-रिवाजों के अनुसार उनका आत्मीय स्वागत किया गया। सम्मेलन में स्कूली बच्चों ने सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किया।
राज्यपाल ने जनजातीय समुदाय को प्रेरित करते हुए कहा कि शिक्षा के साथ-साथ अपनी संस्कृति, परंपराओं और संस्कारों का संरक्षण करते हुए आगे बढ़ना आवश्यक है। उन्होंने स्वामी विवेकानंद के प्रेरक कथन “उठो, जागो और तब तक मत रुको, जब तक लक्ष्य प्राप्त न हो जाए” का उल्लेख करते हुए सभी से सतत प्रयास और आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने का आह्वान किया।
उन्होंने नशे को व्यक्ति, परिवार और समाज के लिए घातक बताते हुए नागरिकों से नशा त्याग कर स्वस्थ, सक्षम और समृद्ध राष्ट्र के निर्माण में सहभागी बनने की अपील की।
भगवान बिरसा मुंडा का स्मरण
राज्यपाल ने भगवान बिरसा मुंडा के त्याग और बलिदान का स्मरण करते हुए बताया कि गुजरात के एकता नगर में उनके नाम पर विश्वविद्यालय की स्थापना की गई है। यह विश्वविद्यालय विद्यार्थियों को लाभान्वित करेगा। उन्होंने जनजातीय समुदाय को सशक्त बनाने के प्रयासों का उल्लेख करते हुए कहा कि सरकार शिक्षा, स्वास्थ्य, आवास, स्वच्छता, सड़क और कनेक्टिविटी के क्षेत्र में प्राथमिकता के साथ काम कर रही है।
सिकल सेल बीमारी पर जागरूकता
राज्यपाल ने सिकल सेल को एक गंभीर अनुवांशिक बीमारी बताते हुए इसके उन्मूलन के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा प्रारंभ किए गए राष्ट्रीय मिशन का उल्लेख किया। उन्होंने विवाह पूर्व सिकल सेल की जांच कराने की आवश्यकता पर जोर दिया।
कार्यक्रम में राज्य जनजातीय वित्त विकास निगम की अध्यक्ष श्रीमती निर्मला बारेला ने भी संबोधित किया। समापन पर श्री सुनील बारेला ने आभार व्यक्त किया।
नवनिर्मित पंचायत भवन का अवलोकन
राज्यपाल श्री पटेल ने ग्राम मोगराखेड़ा में नवनिर्मित पंचायत भवन का अवलोकन किया और महिला पंचों के साथ गांव की विकास गतिविधियों पर चर्चा की। उन्होंने इसे महिला सशक्तिकरण का उत्कृष्ट उदाहरण बताते हुए महिलाओं की सक्रिय भागीदारी की सराहना की।
कार्यक्रम में जनपद अध्यक्ष श्रीमती मंजू अवध पटेल, जनपद सदस्य श्री मेहरबान सिंह, सरपंच श्रीमती फिरका कैलाश बारेला, कलेक्टर श्री बालागुरू के., एसपी श्री दीपक कुमार शुक्ला, जिला पंचायत सीईओ श्रीमती सर्जना यादव, एसडीएम श्री सुधीर कुशवाह सहित अनेक जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं नागरिक उपस्थित थे।
Continue With Google
Comments (0)