*कलेक्टर एवं एसपी की अध्यक्षता में अंतर्विभागीय समन्वय बैठक आयोजित*

नीलिमा डाबी 


         झाबुआ, 21 जनवरी 2026। जिले में कानून-व्यवस्था, शांति एवं संवेदनशील विषयों पर प्रभावी नियंत्रण सुनिश्चित करने के उद्देश्य से कलेक्टर नेहा मीना एवं पुलिस अधीक्षक डॉ. शिवदयाल सिंह की संयुक्त अध्यक्षता में प्रशासन, पुलिस एवं वन विभाग की अंतर्विभागीय समन्वय बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में वन मंडलाधिकारी श्री भारत सोलंकी विशेष रूप से उपस्थित रहे।
          बैठक में तहसील मेघनगर क्षेत्र में घटित गोवंश वध की घटना को दृष्टिगत रखते हुए जिले में गोवंश वध से संबंधित मामलों में सतत निगरानी एवं पूर्ण सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए। गोवंश प्रतिषेध अधिनियम, 2004 के अंतर्गत गठित संयुक्त दल को नियमित निरीक्षण करते हुए यह सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए कि इस प्रकार की अवैध गतिविधियों की पुनरावृत्ति न हो। साथ ही, किसी भी प्रकार की भ्रामक या अफवाहजनित जानकारी के प्रसार की स्थिति में तत्काल खंडन जारी करने के निर्देश भी दिए गए।
      साथ ही वन विभाग को निर्देशित किया गया कि वन क्षेत्रों में अवैध एवं गैरकानूनी गतिविधियों पर वन अधिनियम के अंतर्गत कड़ी निगरानी रखी जाए तथा प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
           इसके अतिरिक्त, पड़ोसी जिला धार में भोजशाला से संबंधित कानून-व्यवस्था के मद्देनजर प्राप्त निर्देशों के परिपालन में जिले में शांति बनाए रखने पर विशेष जोर दिया गया। धार जिले से लगने वाले सीमावर्ती क्षेत्रों में लगातार नाकाबंदी कर सघन चेकिंग करने, जिले में शांति एवं सौहार्द बनाए रखने तथा सभी विभागों के बीच आपसी समन्वय को मजबूत करने के निर्देश दिए गए। जमीनी स्तर तक विभागीय टीमें सक्रिय रहकर निरंतर निगरानी सुनिश्चित करें, इस पर भी बल दिया गया।
         बैठक में अपर कलेक्टर श्री सी.एस. सोलंकी, सहायक कलेक्टर श्री आशीष कुमार, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री प्रतिपाल सिंह महोबिया, अनुविभागीय अधिकारी राजस्व झाबुआ श्री भास्कर गाचले, एसडीओपी श्रीमती रूपरेखा यादव सहित संबंधित विभागों के अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।