बुधनी नगर में 76वें गणतंत्र दिवस के अवसर पर देशभक्ति की अद्वितीय भावना का नजारा देखने को मिला। सुबह से ही नगर में उत्साह और उल्लास का माहौल था। नगर के विभिन्न शासकीय एवं अर्द्धशासकीय कार्यालयों में विभाग प्रमुखों द्वारा झंडा वंदन कर राष्ट्रगान गाया गया और राष्ट्र के प्रति निष्ठा की शपथ दिलाई गई।
नगर परिषद, जनपद पंचायत कार्यालय, पीडब्ल्यूडी कार्यालय, पुलिस थाना, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सहित भारतीय जनता पार्टी एवं कांग्रेस पार्टी के कार्यालयों में भी तिरंगा पूरे सम्मान के साथ फहराया गया। इस अवसर पर जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी एवं कार्यकर्ता बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
दशहरा मैदान में भव्य समारोह
गणतंत्र दिवस समारोह का मुख्य आकर्षण दशहरा मैदान रहा, जहां भव्य सामूहिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के पूर्व ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष योगेश राजपूत सोनू द्वारा ध्वजारोहण किया गया। इस अवसर पर कांग्रेस के कई वरिष्ठ पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।
दशहरा मैदान पर विभिन्न शासकीय व निजी विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने देशभक्ति गीतों, नृत्य एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से समां बांध दिया। बच्चों की दमदार प्रस्तुतियों ने उपस्थित जनसमूह को उत्साहित कर दिया और पूरा मैदान देशभक्ति के जज्बे में डूबा नजर आया।
सम्मान और मिठाई वितरण
कार्यक्रम के दौरान उत्कृष्ट कार्य करने वाले कर्मचारियों एवं प्रतिभावान विद्यार्थियों को सम्मानित भी किया गया। नगर के विभिन्न स्थानों पर बच्चों को मिठाइयां वितरित की गईं और नागरिकों ने एक-दूसरे को गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएं दीं।
समूचे आयोजन में देश की एकता, अखंडता और संविधान के मूल्यों को आत्मसात करने का संदेश दिया गया। गणतंत्र दिवस का यह आयोजन एकता और समर्पण के प्रतीक के रूप में यादगार बना।
Continue With Google
Comments (0)