बीना विधानसभा की उपतहसील खिमलासा में पुरानी परंपराओं को जीवित रखने का अनूठा प्रयास किया जा रहा है। श्री श्री 1008 कारस देव मंदिर समिति द्वारा आयोजित गोटें कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश से लेकर मध्य प्रदेश की गोटें पार्टियों ने हिस्सा लिया। यह आयोजन गड़रिया, यादव, घोसी समाजों द्वारा पुरातन गोटें परंपरा को संजोकर रखने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।

खिमलासा के कारस देव मंदिर में आयोजित इस कार्यक्रम में भाननगर, विजयपुरा, निवाई, ललितपुर, और निवारी से लेकर बीरमखेड़ी, बसाहरी, आगासौद सागर की टीमों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। रात्रि में आयोजित इस कार्यक्रम में समिति द्वारा भोजन प्रसादी और बैठने की उत्तम व्यवस्था की गई थी।

कारस देव मंदिर हिंदू समुदाय के लिए विशेष महत्व रखता है। यहाँ पालतू पशुओं के कष्टों को दूर करने के लिए पूजा की जाती है। वर्ष में एक बार, नवदुर्गा के अवसर पर, जबारे बोए जाते हैं और गोटों का आयोजन उत्साहपूर्वक किया जाता है।

इस विशेष आयोजन में समिति के सदस्य अनंतराम प्रजापति, भैलेन्द्र कुर्मी, लालसिंह कुशवाहा, अरविन्द पप्पू, आकांश, अनिल, आशीष, लक्ष्मण पाल आदि का विशेष सहयोग रहा।

खिमलासा में आयोजित इस पारंपरिक कार्यक्रम ने न केवल स्थानीय समुदाय को जोड़ा बल्कि पुरानी परंपराओं को संजोने का एक महत्वपूर्ण संदेश भी दिया।

प्रतिपाल राजपूत, बीना/खिमलासा