बल्देवगढ़। जनपद पंचायत टीकमगढ़ अंतर्गत ग्राम पंचायत नयागांव में मुख्य सड़क पर कचरा फैले होने से ग्रामीणों को आवागमन में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। गांव के प्रमुख मार्ग पर जगह-जगह गंदगी और कचरे के ढेर लगे होने से हालात बदतर बने हुए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि वर्षों से नियमित साफ-सफाई नहीं कराई गई, जिसके चलते स्थिति और गंभीर होती जा रही है।

ग्रामीणों ने आरोप लगाया है कि सरपंच-सचिव द्वारा साफ-सफाई के नाम पर फर्जी बिल लगाकर शासकीय राशि का दुरुपयोग किया जा रहा है। हाल ही में साफ-सफाई मद से ₹50 हजार से अधिक की राशि आहरित किए जाने की बात सामने आई है, जबकि मौके पर किसी प्रकार की सफाई कार्यवाही नहीं हुई। ग्रामीणों का दावा है कि कागजों में ठेका दिखाकर राशि निकाल ली गई, लेकिन धरातल पर कोई काम नजर नहीं आता।

मुख्य सड़क पर फैली गंदगी के कारण बच्चों, बुजुर्गों और महिलाओं को विशेष रूप से कठिनाई का सामना करना पड़ रहा है। बदबू और मच्छरों के प्रकोप से बीमारियों का खतरा भी बढ़ गया है। ग्रामीणों का कहना है कि कई बार शिकायत किए जाने के बावजूद अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।

ग्रामीणों ने प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की मांग की है। उनका कहना है कि यदि शीघ्र सफाई व्यवस्था दुरुस्त नहीं की गई तो वे आंदोलन के लिए बाध्य होंगे।