बल्देवगढ़। खरगापुर विधायक चंदा सिंह गौर ने शुक्रवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) बल्देवगढ़ का औचक निरीक्षण कर स्वास्थ्य सेवाओं की जमीनी हकीकत परखी। निरीक्षण के दौरान विधायक ने अस्पताल परिसर, ओपीडी कक्ष, महिला एवं पुरुष वार्ड, प्रसूति कक्ष, दवा वितरण काउंटर तथा स्वच्छता व्यवस्था का बारीकी से अवलोकन किया।
विधायक ने उपचाररत मरीजों एवं उनके परिजनों से सीधे संवाद कर अस्पताल में मिल रही सुविधाओं के बारे में जानकारी ली। मरीजों द्वारा दवाइयों की उपलब्धता, जांच सुविधा में देरी, चिकित्सकों की उपस्थिति तथा साफ-सफाई से जुड़ी समस्याएं विधायक के समक्ष रखी गईं। इस पर विधायक ने मौके पर उपस्थित खंड चिकित्सा अधिकारी एवं संबंधित स्टाफ को फटकार लगाते हुए स्पष्ट निर्देश दिए कि मरीजों को समय पर उपचार और दवाएं उपलब्ध कराना प्राथमिकता होनी चाहिए।
उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और आमजन को बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराना शासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। विधायक ने दवा स्टॉक रजिस्टर, उपस्थिति पंजी तथा अन्य अभिलेखों का भी अवलोकन किया और व्यवस्थाओं में सुधार के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान आशा एवं ऊषा कार्यकर्ता बहनों ने भी अपनी विभिन्न मांगों को लेकर विधायक को ज्ञापन सौंपा। कार्यकर्ताओं ने मानदेय, प्रोत्साहन राशि एवं कार्य परिस्थितियों से संबंधित समस्याएं रखीं। विधायक ने उनकी बात गंभीरता से सुनते हुए संबंधित विभागीय अधिकारियों से चर्चा कर शीघ्र निराकरण का आश्वासन दिया।
विधायक के औचक निरीक्षण से अस्पताल प्रशासन में हड़कंप की स्थिति रही। निरीक्षण के पश्चात उन्होंने कहा कि समय-समय पर इस प्रकार के निरीक्षण जारी रहेंगे ताकि स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता में निरंतर सुधार हो सके और आम नागरिकों को बेहतर उपचार सुविधा प्राप्त हो
इस दौरान बीएमओ अंकित त्रिपाठी कांग्रेस ब्लॉक अध्यक्ष मोनू यादव शहर कार्यकर्ता मौजूद रहे

Continue With Google
Comments (0)