अखण्ड यादव

टीकमगढ़। जिले के खरगापुर नगर में तहसीलदार द्वारा आवासीय मकानों को गिराने के जारी किए गए नोटिस के विरोध में शुक्रवार को भीम आर्मी और ओबीसी महासभा के कार्यकर्ताओं ने जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। कार्यकर्ता तहसील कार्यालय पहुंचे और नारेबाजी करते हुए तहसीलदार को टीकमगढ़ कलेक्टर के नाम ज्ञापन सौंपा।

ज्ञापन में आरोप लगाया गया है कि तहसीलदार खरगापुर द्वारा विभिन्न प्रकरणों में कई लोगों को कब्जा हटाकर मकान गिराने के आदेश जारी किए गए हैं। इन प्रकरणों में क्रमांक 0276/37-68/2025-26, 0272/24-68/2025-26, 0280/4-68/2025-26, 0278/27-68/2025-26, 0281/27-68/2025-26, 0254/34-68/2025-26, 0283/अ-68/2025-26, 167/27-68/2025-26, 0257/27-68/2025-26, 0285/84-68/2025-26, 100270/24-68/2021-26, 0274/37-62/2025-26 सहित अन्य आदेश शामिल हैं।

कार्यकर्ताओं का कहना है कि जिन भूखंडों पर मकान गिराने के नोटिस जारी किए गए हैं, वहां संबंधित परिवार कई पीढ़ियों से निवास करते आ रहे हैं और उनके पास रहने के लिए अन्य कोई आवास उपलब्ध नहीं है। ऐसे में अचानक मकान खाली कराने और गिराने के आदेश से गरीब परिवारों के सामने गंभीर संकट खड़ा हो गया है।

प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि जिन मकानों को गिराने के लिए नोटिस दिए गए हैं, वे मुख्य मार्ग से लगे हुए हैं। इससे यह संदेह पैदा होता है कि प्रभावशाली लोगों के दबाव में गरीब परिवारों को हटाकर उनकी जमीन हड़पने की कोशिश की जा रही है। उनका कहना है कि प्रशासन द्वारा गौमाता के नाम पर जमीन खाली कराने की बात कही जा रही है, लेकिन आशंका जताई जा रही है कि उक्त जमीन का उपयोग गौशाला के लिए न कर भविष्य में उस पर दुकानों का निर्माण कर अमीर लोगों को बेचने की योजना बनाई जा सकती है।

भीम आर्मी और ओबीसी महासभा के पदाधिकारियों ने कहा कि गरीब परिवार वर्षों से यहां निवास कर रहे हैं और अचानक उन्हें बेघर करने का प्रयास न्यायसंगत नहीं है। उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि मकान गिराने के जारी सभी आदेशों को तत्काल निरस्त किया जाए तथा गरीब परिवारों को राहत प्रदान की जाए।

कार्यकर्ताओं ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि प्रशासन ने जल्द ही इस मामले में सकारात्मक निर्णय नहीं लिया और मकान गिराने के आदेश वापस नहीं लिए गए, तो जिला स्तर पर बड़ा आंदोलन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि जरूरत पड़ने पर व्यापक जन आंदोलन कर गरीबों के हक की लड़ाई लड़ी जाएगी, जिसकी पूरी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।

ज्ञापन सौंपते समय भीम आर्मी व ओबीसी महासभा के कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता बड़ी संख्या में मौजूद रहे।