सागौन तस्करी पर वन विभाग की कार्रवाई, 13 अवैध सिल्लियां जब्त

बुधनी वन परिक्षेत्र में सागौन की अवैध तस्करी के खिलाफ वन विभाग ने एक बार फिर सख्त कदम उठाया है। माना औद्योगिक क्षेत्र में शुक्रवार तड़के सुबह मुखबिर की सूचना पर पहुंची वन विभाग की टीम ने अवैध सागौन की 13 सिल्लियां बरामद कीं। जब्त लकड़ी की मात्रा करीब 0.300 घन मीटर बताई गई है, जिसकी बाजार कीमत लगभग 19 हजार रुपये आंकी गई है। बरामद सिल्लियों को वन विभाग ने जब्त कर सुरक्षित रखवा दिया है।
उल्लेखनीय है कि बुधनी वन परिक्षेत्र में दिनदहाड़े सागौन की अवैध तस्करी के मामले को स्थानीय मीडिया ने प्रमुखता से उठाया था। इसके बाद वन विभाग ने माना क्षेत्र में संचालित कारखानों पर छापामार कार्रवाई करते हुए बड़ी मात्रा में अवैध सागौन लकड़ी बरामद की थी।
हालांकि इन कार्रवाइयों के बावजूद सागौन माफियाओं के हौसले अब भी टूटते नजर नहीं आ रहे हैं। तस्कर लगातार अवैध कटाई कर सागौन की लकड़ी को औद्योगिक क्षेत्र के कारखानों में खपाने का प्रयास कर रहे हैं, जिससे वन संपदा को गंभीर नुकसान पहुंच रहा है।
इनका कहना है
वन परिक्षेत्र अधिकारी रजित द्विवेदी ने बताया कि मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर वन अमले ने कार्रवाई कर अवैध सागौन की सिल्लियां जब्त की हैं। मामले में जांच जारी है और दोषियों के खिलाफ नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।