*जनसहयोग से साकार हुआ विकास का सपना*
*पाठक परिवार की भूमि दान और गुलाब शुक्ला के सहयोग से बना कलवालिया–कौड़िहाई सड़क मार्ग, दो गांवों की मौजूदगी में हुआ शुभारंभ*
सतना। वर्षों से उपेक्षित रहे कलवालिया–पटना कला से रीवा जिले के सेमरिया विधानसभा अंतर्गत ग्राम कौड़िहाई को जोड़ने वाला सड़क मार्ग जनसहयोग और सामाजिक सहभागिता से साकार हो गया। इस ऐतिहासिक निर्माण कार्य में पाठक परिवार द्वारा अपनी लगभग तीन एकड़ निजी भूमि दान कर महत्वपूर्ण भूमिका निभाई गई, वहीं अभय सीएनजी के डायरेक्टर एवं समाजसेवी श्री गुलाब शुक्ला के सहयोग से सड़क का निर्माण कार्य पूर्ण कराया गया।
इस उपलब्धि के उपलक्ष्य में सड़क के शुभारंभ हेतु विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें दोनों गांवों—कलवालिया–पटना कला और कौड़िहाई—के सैकड़ों ग्रामीण एकत्रित हुए। कार्यक्रम के दौरान समाजसेवी श्री गुलाब शुक्ला का सम्मान समारोह भी आयोजित किया गया, जिसमें ग्रामीणों ने पुष्पमालाओं और तालियों के साथ उनका अभिनंदन किया। शुभारंभ अवसर पर श्री गुलाब शुक्ला द्वारा फीता काटकर सड़क का विधिवत उद्घाटन किया गया। इस दौरान उपस्थित ग्रामीणों ने इस सड़क को वर्षों पुरानी जरूरत बताते हुए कहा कि इसके निर्माण से अब आवागमन सुगम हो गया है। किसानों को बाजार तक सीधी पहुंच मिलेगी, विद्यार्थियों और नौकरीपेशा लोगों का समय बचेगा, साथ ही आपातकालीन एवं स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच भी पहले से कहीं अधिक तेज होगी। ग्रामीणों ने बताया कि पहले इस मार्ग के अभाव में दोनों गांवों के लोगों को लंबा चक्कर लगाना पड़ता था, जिससे समय और संसाधनों की भारी हानि होती थी। पाठक परिवार द्वारा भूमि दान और गुलाब शुक्ला के सहयोग से यह समस्या स्थायी रूप से दूर हो गई है। इस अवसर पर ग्रामीणों ने पाठक परिवार के त्याग और समाजसेवी गुलाब शुक्ला के सहयोग की सराहना करते हुए कहा कि यह सड़क केवल एक निर्माण कार्य नहीं, बल्कि दो गांवों के बीच विश्वास, सहयोग और विकास का सेतु है। जनसहयोग से साकार हुई यह पहल आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणादायक उदाहरण बन गई है।
Continue With Google
Comments (0)