तीन माह से वेतन नहीं मिलने पर एजेल कंपनी के कर्मचारियों का कलमबंद हड़ताल, स्वास्थ्य सेवाएं प्रभावित
खंडवा।
शासकीय नंद कुमार सिंह चौहान मेडिकल कॉलेज एवं जिला अस्पताल में कार्यरत एजेल कंपनी के 100 से अधिक कर्मचारियों को पिछले तीन माह से वेतन नहीं मिलने के कारण कर्मचारियों में भारी आक्रोश है। वेतन भुगतान की मांग को लेकर कर्मचारी लगातार विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं, लेकिन अब तक उनकी समस्याओं का कोई समाधान नहीं हो पाया है।
कर्मचारियों ने बताया कि वे कई बार कलेक्ट्रेट कार्यालय पहुंचकर ज्ञापन सौंप चुके हैं। इसके साथ ही हाल ही में मेडिकल कॉलेज पहुंचे कैबिनेट मंत्री विजय शाह को भी अपनी मांगों से अवगत कराया गया था, बावजूद इसके कर्मचारियों को वेतन नहीं मिल सका।
इसी क्रम में सोमवार सुबह 9 बजे कर्मचारियों ने मेडिकल कॉलेज सह जिला अस्पताल के बाहर बड़ी संख्या में एकत्र होकर कलमबंद हड़ताल शुरू कर दी और धरने पर बैठ गए। हड़ताल के चलते अस्पताल की व्यवस्थाओं पर असर पड़ने की आशंका भी जताई जा रही है।
सूचना मिलने पर कल्याण समिति के सदस्य, जिला प्रशासन के प्रतिनिधि, संबंधित डॉक्टर, एजेल कंपनी के मैनेजर एवं मेडिकल कॉलेज प्रशासन के पदाधिकारी मौके पर पहुंचे और कर्मचारियों के साथ बैठक कर चर्चा की। हालांकि, काफी देर चली बातचीत के बाद भी किसी ठोस निर्णय पर सहमति नहीं बन सकी।
कर्मचारियों का कहना है कि जब तक लंबित वेतन का भुगतान नहीं किया जाता, तब तक उनका आंदोलन जारी रहेगा। वहीं, प्रशासन की ओर से समस्या के शीघ्र समाधान का आश्वासन दिया गया है।