सेमलपानी कदी म में पेयजल लाइन फूटी,

 

नाली का गंदा पानी घरों तक पहुंच रहा, स्वास्थ्य संकट गहराया

 

 

 जनपद पंचायत भेरूंदा के अंतर्गत आने वाली ग्राम पंचायत सेमलपानी कदिम में पेयजल व्यवस्था पूरी तरह से चरमराई हुई है। गांव में पेयजल की मुख्य पाइपलाइन कई दिनों से फूटी हुई पड़ी है, जिससे नाली का गंदा पानी सीधे पेयजल लाइन में मिलकर ग्रामीणों के घरों तक पहुंच रहा है। इससे गांव में गंभीर स्वास्थ्य संकट उत्पन्न हो गया है।

ग्रामीणों के अनुसार पेयजल की यह पाइपलाइन नाली के ठीक नीचे से निकली हुई है। लाइन में लंबे समय से लीकेज होने के कारण नाली का दूषित पानी पीने के पानी में मिल रहा है। हालात इतने खराब हैं कि नलों से आने वाले पानी में तेज बदबू के साथ गंदगी भी दिखाई दे रही है। इसके बावजूद संबंधित विभाग द्वारा अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है।

ग्रामीणों ने बताया कि जब पानी की सप्लाई बंद कर दी जाती है, उस दौरान नाली का गंदा पानी पाइपलाइन में रिवर्स फ्लो होकर भर जाता है। बाद में जब सप्लाई चालू होती है तो वही दूषित पानी नलों से निकलता है। इससे बच्चों, बुजुर्गों और महिलाओं के बीमार पड़ने की आशंका लगातार बनी हुई है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि इस समस्या की जानकारी पीएचई विभाग, सरपंच एवं सचिव को कई बार दी जा चुकी है, लेकिन अब तक कोई सुधार कार्य नहीं किया गया। ग्रामीणों में इस बात को लेकर आक्रोश है कि जिम्मेदार अधिकारी शायद किसी बड़ी दुर्घटना का इंतजार कर रहे हैं। यदि समय रहते इस गंभीर समस्या पर ध्यान नहीं दिया गया, तो गांव में महामारी फैलने से इंकार नहीं किया जा सकता।

ग्रामीणों ने हाल ही में इंदौर में दूषित पानी पीने से हुई जनहानि का उदाहरण देते हुए चिंता जताई है। उनका कहना है कि जब शहरों में ऐसी घटनाएं हो सकती हैं, तो गांवों में खतरा और भी अधिक है। बावजूद इसके प्रशासन की उदासीनता समझ से परे है।

ग्रामीणों ने मांग की है कि तत्काल फूटी हुई पाइपलाइन को बदला जाए, नाली के नीचे से गुजर रही लाइन को सुरक्षित किया जाए और पूरे क्षेत्र की पानी की सप्लाई की जांच कराई जाए।