नफीस खान इछावर 

इछावर। एसआईआर प्रक्रिया में गड़बड़ी रोकने को लेकर ब्लॉक कांग्रेस कमेटी का प्रतिनिधिमंडल मंगलवार को एसडीएम से मिला। प्रतिनिधिमंडल में पूर्व विधायक शैलेंद्र पटेल के साथ इछावर विधानसभा के चारों ब्लॉक अध्यक्ष बलवान पटेल, मनोज परमार, संतोष वर्मा और घनश्याम मीना शामिल रहे।

पूर्व विधायक शैलेंद्र पटेल ने कहा कि एसआईआर के अंतर्गत केवल वही फॉर्म 7 स्वीकार किए जाएं जो निर्वाचन आयोग द्वारा जारी किए गए हों। बाहर से छपे फॉर्म मान्य न हों। एक दिन में अधिकतम 15 फॉर्म ही जमा किए जाएं। इससे गलत नाम जोड़ने की आशंका कम होगी। उन्होंने अंतिम तीन दिन की जानकारी सार्वजनिक करने की मांग की, ताकि यह पता चल सके कि किस बूथ पर कितने फॉर्म जमा हो रहे हैं।

प्रतिनिधिमंडल ने आरोप लगाया कि सत्ताधारी दल के लोग बीएलओ पर नाम कटवाने का दबाव बना रहे हैं। यह नियमों के खिलाफ है। इसे तुरंत रोका जाए। बीएलओ किसी दबाव में आकर गलत नाम न जोड़ें। एसडीएम सभी बीएलओ को निर्देश दें कि वे निष्पक्ष रूप से काम करें। यदि कोई बीएलओ अनैतिक कार्य करता है तो उस पर कार्रवाई हो। इस दौरान बृजेंद्र तिवारी, सादिक, सलमान खान, पार्षद राधेश्याम सेमलिया, पार्षद जुनैद खान और अब्दुल वाहिद भी मौजूद रहे।