सीहोर विजय मालवीय
सीहोर जिले में सड़क पर अंतिम संस्कार किए जाने का ऐसा मामला सामने आया है जो दिल दहला देगा. यह वीडियो 6 जनवरी का बताया जा रहा है, जो सीहोर भेरूदा मार्ग का है. उल्लेखनीय है कि 5 जनवरी को एक व्यक्ति ने जिला अस्पताल के सामने सड़क पर ही धरना दे दिया था और अस्पताल प्रबंधन पर अनेक आरोप लगाए थे. इसी व्यक्ति ने अपनी नवजात बच्ची का अंतिम संस्कार सीहोर इछावर भेरूदा मार्ग पर किया है.
क्या है पूरा मामला?
मिली जानकारी के अनुसार, प्रसूता महिला ममता, पति संतोष जाट, 30 दिसंबर को शाम 4:30 बजे अस्पताल में भर्ती हुई थी. महिला ने 2 जनवरी 2026 को रात 2:22 बजे सामान्य प्रसव से प्री-मेच्योर शिशु (बालिका) को जन्म दिया, जिसका वजन 900 ग्राम था, जो कि अत्यधिक कम था. शिशु को तुरंत जिला चिकित्सालय स्थित एस.एन.सी.यू. में भर्ती कराया गया था. शिशु अत्यंत गंभीर अवस्था में था.
5 जनवरी को दोपहर 3:30 बजे उस शिशु की मृत्यु हो गई थी. इसके बाद चिकित्सक द्वारा परिजनों को शव प्राप्त करने हेतु बुलाया गया था, परंतु शिशु के पिता द्वारा चिकित्सकों के विरुद्ध प्रदर्शन किया गया. परिजनों द्वारा चिकित्सक के विरुद्ध प्रदर्शन के पूर्व सिविल सर्जन, आर.एम.ओ., अस्पताल प्रबंधक या अन्य किसी वरिष्ठ चिकित्सक को इस संबंध में अवगत नहीं कराया गया था
अस्पताल स्टाफ पर कारण बताओ नोटिस जारी
परिजनों के द्वारा प्रसव के समय चिकित्सक उपलब्ध नहीं होने एवं एस.एन.सी.यू. चिकित्सक एवं स्टाफ द्वारा उचित व्यवहार नहीं करने के लगाए गए आरोपों के संबंध में चिकित्सक एवं स्टाफ को कारण बताओ सूचना पत्र जारी किया गया था. महिला चिकित्सक द्वारा अपने कथन में महिला को देखे जाने एवं लेबर रूम में प्रशिक्षित नर्सिंग ऑफिसर द्वारा प्रसव कराए जाने की जानकारी दी गई है.
सोशल मीडिया पर सड़क पर अंतिम संस्कार का वीडियो वायरल होने के बाद जब संतोष से मोबाइल पर पूछा गया तो उसने कहा कि उसे जिला अस्पताल के सामने धरने से उठा दिया गया था. उसके बाद उसने सीहोर से भैरूदा-इछावर मार्ग पर, जहां कृषि लिखा हुआ था, सड़क पर अपनी बच्ची का अंतिम संस्कार कर दिया था. इस संवाददाता ने उस मार्ग पर जाकर देखा तो अंतिम संस्कार स्थल भी मिल गया
Continue With Google
Comments (0)