सीहोर विजय मालवीय 

सीहोर में पुलिस प्रशासन के खिलाफ जनता का आक्रोश 

आज सीहोर एसपी कार्यालय परिसर में बड़ी संख्या में लोग अपनी मांगों को लेकर धरना–अनशन पर बैठ गए।

प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि कुछ दिन पहले एएसआई किरण राजपूत ने अपनी अनियंत्रित थार वाहन से चार लोगों को टक्कर मार दी थी। इस दर्दनाक हादसे में एक व्यक्ति की इलाज के दौरान मौत हो गई, जबकि तीन लोग गंभीर रूप से घायल हुए थे।

लेकिन हैरानी की बात यह है कि घटना के इतने दिन बाद भी आरोपी एएसआई को गिरफ्तार नहीं किया गया।

प्रदर्शन कर रहे लोगों का यह भी आरोप है कि मौके पर मौजूद एक पुलिस कर्मी ने घायलों की मदद के बहाने एएसआई किरण राजपूत को घटनास्थल से फरार कर दिया, और पूरी कार्रवाई में पुलिस ने अपने ही अधिकारी को बचाने की कोशिश की।

मृतक के परिजनों का कहना है कि वे न्याय के लिए दर-दर भटक रहे हैं, लेकिन पुलिस की ओर से अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। इसी के विरोध में आज मृतक के परिवार सहित अन्य लोगों ने एसपी ऑफिस पहुंचकर अनशन प्रदर्शन किया।

 

करीब एक घंटे तक चले इस प्रदर्शन के बाद सीहोर एसपी दीपक शुक्ला मौके पर पहुंचे और प्रदर्शनकारियों से बातचीत की। एसपी ने मामले में आज ही ठोस कार्रवाई का आश्वासन दिया, जिसके बाद प्रदर्शनकारियों ने अपना अनशन समाप्त किया।