*23 जून की किसान रैली को सफल बनाने युवा नेता विजय गौतम ने की अपील, क्षेत्रवासियों से अधिक संख्या में शामिल होने का आह्वान*

 

मानपुर, उमरिया। ब्लॉक कांग्रेस कमेटी मानपुर द्वारा 23 जून को आयोजित होने वाली विशाल किसान रैली एवं आमसभा को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। इसी क्रम में युवा नेता विजय गौतम ने क्षेत्र के किसान भाइयों, युवाओं और आम नागरिकों से अधिक से अधिक संख्या में कार्यक्रम में शामिल होकर किसानों की आवाज को मजबूती प्रदान करने की अपील की है।
प्रेस विज्ञप्ति जारी करते हुए विजय गौतम ने कहा कि आज किसान खाद-बीज की कमी, डीजल-पेट्रोल की समस्या, बढ़ती खेती लागत और बिजली संकट जैसी अनेक समस्याओं से जूझ रहा है। किसानों के इन्हीं मुद्दों को लेकर ब्लॉक कांग्रेस कमेटी मानपुर के अध्यक्ष उमाशंकर पटेल के नेतृत्व में 23 जून को विशाल किसान रैली एवं आमसभा का आयोजन किया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि प्रातः 11 बजे ग्रामीण खेल मैदान, मानपुर से रैली प्रारंभ होगी, जो बस स्टैंड मानपुर पहुंचकर आमसभा में परिवर्तित होगी। इसके उपरांत किसानों की विभिन्न समस्याओं एवं मांगों के संबंध में मध्य प्रदेश के महामहिम राज्यपाल के नाम अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) मानपुर के माध्यम से ज्ञापन सौंपा जाएगा।
युवा नेता विजय गौतम ने कहा कि किसान केवल अन्नदाता ही नहीं, बल्कि देश की अर्थव्यवस्था की आधारशिला है। ऐसे समय में जब किसान अनेक चुनौतियों का सामना कर रहा है, तब समाज के हर वर्ग का दायित्व है कि वह किसानों के सम्मान और अधिकारों की इस लड़ाई में सहभागी बने। उन्होंने क्षेत्र के लोगों से आह्वान करते हुए कहा कि 23 जून को अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर किसान एकता और जनहित के इस अभियान को सफल बनाएं।
"अन्नदाता की आवाज को मजबूत करना हम सभी की जिम्मेदारी है। जब किसान मजबूत होगा, तभी प्रदेश और देश समृद्ध होगा।"
— विजय गौतम
युवा नेता, मानपुर (उमरिया)