Multai

मुलताई गोलीकांड: शहीद किसानों की 28वीं बरसी पर तुषार गांधी ने अर्पित की श्रद्धांजलि

शहर के बस स्टैंड स्थित शहीद किसान स्मारक, परमंडल शहीद स्तंभ और अमर शहीद दीपक चौरे स्मारक पर तुषार गांधी ने किसान नेताओं और सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों के साथ शहीदों को नमन किया। इस दौरान शहीद किसानों के परिजनों को सम्मानित कर उनके त्याग और बलिदान को याद किया गया। कार्यक्रम के बाद आयोजित शहीद किसान स्मृति सम्मेलन में तुषार गांधी ने किसानों की समस्याओं और वर्तमान नीतियों पर चर्चा की। अपने संबोधन में उन्होंने केंद्र और राज्य सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि मनरेगा जैसी जनकल्याणकारी योजनाओं को "जिंदा रहते हुए भी निष्क्रिय" कर दिया गया है, जिससे ग्रामीण और किसान वर्ग को सबसे अधिक नुकसान हो रहा है। तुषार गांधी ने कहा कि शहीद किसानों का बलिदान आज भी किसानों के अधिकारों की लड़ाई का प्रतीक है और उनकी याद हमें अन्याय के खिलाफ आवाज उठाने की प्रेरणा देती है। इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में किसान नेता, सामाजिक कार्यकर्ता और जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे, जिन्होंने शहीदों की याद में एकजुट होकर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।