लोकेशन – सीहोर, मध्यप्रदेश

रिपोर्टर -राकेश कटारे 

7489085294

 

विशेष स्टोरी

 

 

टपकेश्वर महादेव मंदिर में महाशिवरात्रि पर होगा विशाल भंडारा, हजारों श्रद्धालुओं पहुंचेंगे 

 

एंकर:

भगवान शिव की आराधना का पावन पर्व महाशिवरात्रि इस वर्ष 15 फरवरी को श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया जाएगा। इस अवसर पर सीहोर जिले की रेहटी तहसील स्थित टपकेश्वर महादेव मंदिर में विशाल भंडारे और विशेष पूजन-अर्चना का आयोजन किया जा रहा है, जिसमें हजारों श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है।

मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल से लगभग 90 किलोमीटर दूर, सलकनपुर क्षेत्र के पास विंध्याचल पर्वत पर स्थित यह प्राचीन मंदिर अपनी अनूठी विशेषता के लिए प्रसिद्ध है। यहां विराजित प्राकृतिक शिवलिंग पर वर्षभर लगातार जल की बूंदें टपकती रहती हैं, जिस कारण यह स्थान “टपकेश्वर” नाम से विख्यात है। मान्यता है कि यहां शिवलिंग का जलाभिषेक स्वयं प्रकृति करती है।

महाशिवरात्रि के अवसर पर मंदिर परिसर को विशेष रूप से सजाया जा रहा है। सुबह से रात्रि तक रुद्राभिषेक, महाआरती और भजन-कीर्तन का आयोजन होगा। श्रद्धालुओं के लिए विशाल भंडारे की भी व्यवस्था की गई है, जिसमें बड़ी संख्या में भक्त प्रसाद ग्रहण करेंगे।

मंदिर तक पहुंचने के लिए बुधनी मुख्य मार्ग से करीब 5 किलोमीटर सड़क मार्ग और नकटी तलाई की ओर से दुर्गम एवं पथरीला रास्ता तय करना पड़ता है। पर्व के मद्देनज़र श्रद्धालुओं की सुविधा हेतु स्थानीय स्तर पर तैयारियां भी की जा रही हैं।

मंदिर के समीप ही प्रसिद्ध शक्तिपीठ सलकनपुर देवीधाम स्थित है, जिससे यह क्षेत्र धार्मिक दृष्टि से और भी महत्वपूर्ण बन जाता है।

महाशिवरात्रि पर यहां का प्राकृतिक सौंदर्य, पहाड़ियों पर छाए बादल और झरनों की कलकल ध्वनि वातावरण को भक्तिमय बना देती है। श्रद्धालुओं का कहना है कि टपकेश्वर धाम में दर्शन मात्र से मन को अद्भुत शांति और आध्यात्मिक ऊर्जा का अनुभव होता है!