LIVE | MP
ब्यूरो हेड बृजेश गौतम की खास रिपोर्ट
नगर में लगातार बढ़ रही चोरी की घटनाओं से आक्रोशित नागरिकों ने शुक्रवार को सुरखी थाने के सामने चार घंटे तक चक्काजाम कर धरना-प्रदर्शन किया। सुबह 11 बजे से नगरवासियों ने अपनी दुकानों को बंद कर सड़क पर बैठकर पुलिस प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। जानकारी के अनुसार, रविवार-सोमवार की दरमियानी रात नगर के जैन मंदिर से चोर करीब 5 किलो वजन के 19 चांदी के छत्र चोरी कर ले गए। इस बड़ी वारदात के बाद भी आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होने से लोगों में गहरी नाराजगी थी। वहीं बीती रात थाने के सामने स्थित एक दुकान में चोरी का असफल प्रयास पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर रहा है। धरना-प्रदर्शन के दौरान एसडीओपी शशिकांत सरयाम मौके पर पहुंचे और नागरिकों को समझाने का प्रयास किया। लेकिन नागरिक अपनी मांगों पर अड़े रहे। लोगों का कहना था कि जब तक चोरों की गिरफ्तारी और ठोस कार्रवाई नहीं होती, तब तक आंदोलन जारी रहेगा। करीब चार घंटे तक चले चक्काजाम के बाद दोपहर 3 बजे नगरवासियों ने एसडीओपी को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में पुलिस को 7 दिन का अल्टीमेटम देते हुए कहा गया कि यदि इस अवधि में चोरी की घटनाओं में शामिल आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होती है, तो नगरवासी आईजी और एसपी कार्यालय के बाहर धरना-प्रदर्शन करेंगे। इस घटना ने पुलिस प्रशासन पर दबाव बढ़ा दिया है, और अब यह देखना होगा कि पुलिस विभाग इस अल्टीमेटम का कैसे जवाब देता है।