मुलताई: पटेल वार्ड दुर्गा चौक में शनिवार को चोरी हुई पल्सर बाइक का मामला गुरुवार रात ताप्ती मेले में उस वक्त सनसनीखेज मोड़ ले गया, जब चोर खुद चोरी की बाइक लेकर बाइक मालिक राहुल भावसार की दुकान के सामने जा पहुँचा।

बताया जा रहा है कि मेले में दुकान के सामने बाइक खड़ी करने को लेकर आरोपी की अन्य दुकानदारों से बहस हो रही थी। इसी दौरान जब बाइक पर नजर पड़ी तो चौंकाने वाला खुलासा हुआ—यह वही पल्सर बाइक थी, जिसकी चोरी की शिकायत राहुल भावसार ने पहले ही थाने में दर्ज कराई थी।

हालात भांपते ही दुकानदारों और स्थानीय लोगों ने आरोपी को मौके पर ही पकड़ लिया और तुरंत पुलिस को सूचना दी। कुछ ही देर में मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई। स्थिति बिगड़ती देख पुलिस तत्काल मौके पर पहुँची और आरोपी को हिरासत में लेकर थाने रवाना हो गई।

फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और यह पता लगाने में जुटी है कि चोरी की वारदात में और कौन-कौन शामिल है। मेले में हुई इस घटना ने पूरे इलाके में चर्चा और दहशत का माहौल पैदा कर दिया है।