जबलपुर में ब्रिज से नीचे गिरी `मौत`, कार और बाइक पर पलटा हाइवा, 2 की मौत, 6 लोग घायल

जबलपुर-भोपाल नेशनल हाईवे-45 पर मंगलवार को बड़ा हादसा हो गया. शाहपुरा थाना क्षेत्र में ओवरब्रिज के नीचे सर्विस रोड पर चल रही कार पर हाईवा गिर गया. हादसे में 2 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई. फिलहाल एक मौते की पुष्टि हुई है. वहीं 5 से 6 लोग घायल बताए जा रहे हैं. हादसे की सूचना मिलते ही शहपुरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस ने तत्काल रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू कर कार में फंसे लोगों को बाहर निकाला गया. इसके बाद घयालों को एंबुलेंस से अस्पताल भेजा गया, जहां घायलों का इलाज जारी है. 

इस घटना को लेकर शहपुरा थाना प्रभारी प्रवीण धुर्वे ने बताया कि कार में सवार 4 लोगों की इलाज के लिए भेजा गया है. अभी तक सिर्फ एक की मौत की पुष्टि हुई है. रेस्क्यू का काम तेजी से जारी है. हाईवा हटने के बाद मृतकों की सही संख्या का पता चल पाएगा. 

जबलपुर एडिशनल एसपी सूर्यकांत शर्मा ने बताया कि गुरुकृपा पेट्रोल पंप के पास ओवरब्रिज के नीचे हादसा हुआ है. पुलिस की टीम मौके पर है. कार में सवार लोगों के बारे में अभी जानकारी नहीं है, कार सवार आस-पास के इलाके के हो सकते हैं. अभी तक यह कन्फर्म नहीं हुआ है कि मरने वाले और घायल लोग कहां के हैं.