बुधनी। बुधनी के मिडघाट क्षेत्र के जंगलों से एक और दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां एक युवक को जिंदा जलाकर निर्ममता से हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान 21 वर्षीय चंदन नागवंशी के रूप में हुई है, जो जावली गांव, थाना बाबई का निवासी था।

घटना की खबर मिलते ही पूरे क्षेत्र में हड़कंप मच गया। बाबई और बुधनी थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर तफ्तीश शुरू कर दी। जंगल में जले हुए शव को देखकर हर कोई सन्न रह गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए बुधनी अस्पताल भेजा, जहां परिजनों ने शव की पहचान की।

बताया जा रहा है कि 23 दिसंबर को चंदन नागवंशी की गुमशुदगी बाबई थाने में दर्ज कराई गई थी। कई दिनों की तलाश के बाद उसका शव इस भयावह हालत में जंगल में मिला, जिससे परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

मिडघाट का जंगल बनता जा रहा है 'मौत का जंगल'

इस घटना ने एक बार फिर मिडघाट क्षेत्र के जंगल की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। यह कोई पहली वारदात नहीं है। इसी सप्ताह दहोता घाट पर भी एक युवक का शव मिला था, जिससे इलाके में पहले से ही दहशत का माहौल बना हुआ था।

  • स्थानीय लोगों का कहना है कि इससे पहले भी मिडघाट के जंगल में हत्या, शव फेंकने और आपराधिक वारदातों की कई घटनाएं सामने आ चुकी हैं।
  • ठोस कार्रवाई के अभाव में अपराधियों के हौसले बुलंद हैं।

कारणों का खुलासा नहीं, पुलिस हर एंगल से जांच में जुटी

फिलहाल युवक की हत्या के कारणों का खुलासा नहीं हो पाया है। पुलिस प्रेम-प्रसंग, आपसी रंजिश और अन्य पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही इस जघन्य हत्याकांड का खुलासा किया जाएगा।

लगातार हो रही घटनाओं से क्षेत्रवासियों में डर और आक्रोश दोनों है। लोग मिडघाट के जंगल को लेकर सख्त निगरानी और सुरक्षा व्यवस्था की मांग कर रहे हैं, ताकि यह इलाका अपराधियों की सुरक्षित पनाहगाह न बन सके।