हनुमानताल में युवक पर फायरिंग, विक्टोरिया अस्पताल में घायल भर्ती, जांच में जुटी पुलिस !!

हनुमान ताल थाना क्षेत्र अंतर्गत एक युवक को गोली लगने की जानकारी क्षेत्र में फैलते ही हड़कंप मच गया। जिसे क्षेत्रीय लोगों ने विक्टोरिया अस्पताल में भर्ती कराया, पुलिस के अनुसार घायल युवक का नाम मोहसिन है, जो अंबेडकर कॉलोनी का रहने वाला बताया गया है। मोहसिन ने पुलिस को जानकारी दी कि उसे मोरिया क्षेत्र की गली नंबर-5 में गोली लगी है।
घायल युवक के साथ आए लोग घटना को लेकर फिलहाल स्पष्ट जानकारी नहीं दे पा रहे हैं। उनका कहना है कि उन्होंने गोली चलने की आवाज नहीं सुनी और घायल अवस्था में युवक उन्हें मिला, जिसके बाद वे उसे अस्पताल लेकर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी।

हनुमानताल थाना पुलिस मौके पर पहुंचकर मामले की जांच में जुट गई है। पुलिस का कहना है कि डॉक्टरों द्वारा घायल की प्रारंभिक जांच के बाद उसे जिला अस्पताल मेडिकल रेफर किया गया है। फिलहाल युवक की स्थिति और घटना के कारणों की जांच की जा रही है।

हनुमानताल थाना प्रभारी रोहिणी शुक्ला ने बीती रात लगभग 12 बजे बताया कि पूरे मामले की जांच की जा रही है और जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।