बकरीद को लेकर प्रशासन अलर्ट, शांति समिति की बैठक में भाईचारे और सौहार्द का दिया संदेश ।अफवाहों से दूर रहने और कानून व्यवस्था बनाए रखने की अपील

बड़वानी। आगामी ईद-उल-अधा (बकरीद) पर्व को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में मनाने को लेकर शुक्रवार को थाना कोतवाली परिसर में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक पुलिस अधीक्षक पद्मविलोचन शुक्ल के निर्देशन में संपन्न हुई, जिसमें प्रशासनिक अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों, वरिष्ठ नागरिकों और समाज के विभिन्न वर्गों के लोगों ने भाग लिया।

बैठक के दौरान त्योहार के समय शहर में शांति और कानून व्यवस्था बनाए रखने को लेकर विस्तृत चर्चा हुई। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने उपस्थित लोगों से आपसी भाईचारे और सौहार्द के साथ पर्व मनाने की अपील की। साथ ही सोशल मीडिया या अन्य माध्यमों से फैलने वाली अफवाहों से दूर रहने और किसी भी संदिग्ध सूचना की तत्काल प्रशासन को जानकारी देने को कहा गया।

अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि त्योहार के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विशेष सतर्कता बरती जाएगी और संवेदनशील क्षेत्रों में निगरानी रखी जाएगी। बैठक में लोगों से प्रशासन का सहयोग करने तथा शांति व्यवस्था बनाए रखने में सहभागिता निभाने का आग्रह किया गया।

बैठक में तहसीलदार, नगरपालिका सीएमओ, थाना प्रभारी कोतवाली, कस्बा बड़वानी के वरिष्ठ नागरिक,  और ग्राम एवं नगर रक्षा समिति के सदस्य उपस्थित रहे।