आगर मालवा। नगर पालिका परिषद आगर मालवा के वार्ड क्रमांक 19 में चल रहे डामरीकरण सड़क निर्माण कार्य का निरीक्षण नगर पालिका सीएमओ कुशल सिंह डोडवे ने किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने निर्माण कार्य की गुणवत्ता, प्रगति और निर्धारित मानकों के अनुसार कार्य किए जाने की जानकारी ली तथा संबंधित अधिकारियों एवं ठेकेदार को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

वार्ड क्रमांक 19 के रहवासी लंबे समय से सड़क निर्माण की मांग कर रहे थे। सड़क की खराब स्थिति के कारण क्षेत्रवासियों को आवागमन में काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था। नागरिकों की मांग और समस्या को ध्यान में रखते हुए नगर पालिका द्वारा डामरीकरण सड़क निर्माण कार्य शुरू कराया गया है।

निरीक्षण के दौरान सीएमओ ने कहा कि नगर के विभिन्न वार्डों में आधारभूत सुविधाओं के विकास को प्राथमिकता दी जा रही है। सड़क निर्माण कार्य समय-सीमा में और गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरा कराया जाएगा ताकि क्षेत्रवासियों को बेहतर आवागमन सुविधा मिल सके।

स्थानीय रहवासियों ने सड़क निर्माण कार्य शुरू होने पर खुशी व्यक्त करते हुए नगर पालिका प्रशासन का आभार जताया। उन्होंने उम्मीद जताई कि सड़क निर्माण पूर्ण होने के बाद क्षेत्र की आवागमन व्यवस्था बेहतर होगी और वर्षों पुरानी समस्या का समाधान हो सकेगा।

निरीक्षण के दौरान नगर पालिका के संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी भी उपस्थित रहे।