हादसे के कई घण्टे बाद भी नही मिला आलोक,सर्चिंग में लगे गोताखोर और एसडीआरएफ टीम

_इंदवार थाना क्षेत्र के ग्राम भोलगढ़ स्थित सोन नदी के भोलगढ़घाट में शुक्रवार को हुआ एक दर्दनाक हादसा पूरे इलाके को गमगीन कर गया।घर से अपने पारिवारिक भाइयों के साथ घूमने निकला 14 वर्षीय किशोर कई घंटे बीत जाने के बाद भी सोन नदी के गहरे पानी मे लापता है,जबकि उसके परिजन सोन नदी के किनारे टकटकी लगाए किसी चमत्कार की उम्मीद में बैठे हैं।खबर है कि ग्राम झाल निवासी आलोक द्विवेदी पिता पंकज द्विवेदी उम्र 14 वर्ष निवासी झाल,अपने तीन पारिवारिक भाइयों के साथ सोन नदी पर बन रही निर्माणाधीन पुलिया देखने गया था।पुलिया का निरीक्षण करने के बाद सभी ने नदी में नहाने का मन बनाया।हंसी-खुशी का यह पल कुछ ही मिनटों में चीख-पुकार और मातम में बदल गया।प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक नहाने के दौरान आलोक द्विवेदी और आकाश द्विवेदी  अनियंत्रित होकर अचानक गहरे पानी में डूबने लगे।नदी में मौजूद एक नाविक ने हालात को भांपते हुए बिना समय गंवाए साहसिक प्रयास किया और आकाश द्विवेदी को सुरक्षित बाहर निकाल लिया,लेकिन आलोक नदी की लहरों में पलक झपकते ही ओझल हो गया।घटना की सूचना मिलते ही पुलिस,प्रशासन और राजस्व विभाग का अमला मौके पर पहुंच गया।एसडीआरएफ की टीम लगातार कई घंटों से सोन नदी में सर्चिंग अभियान चला रही है।हादसे के करीब 6 घंटे से अधिक समय बीत जाने के बाद भी शाम साढ़े 5 तक आलोक का फिलहाल कोई सुराग नहीं मिल सका है।गोताखोर और बचाव दल नदी के गहरे हिस्सों में लगातार तलाश कर रहे हैं।घटना स्थल पर सैकड़ों ग्रामीणों की भीड़ जमा है।हर गुजरते पल के साथ परिजनों की बेचैनी बढ़ती जा रही है।_