आलोट। मध्य प्रदेश शासन द्वारा संचालित नशा मुक्ति अभियान के अंतर्गत बुधवार को आलोट पुलिस ने सीएम राइज स्कूल के छात्र-छात्राओं के साथ नगर में भव्य जनजागरूकता रैली निकालकर नशे के विरुद्ध प्रभावी संदेश दिया। थाना आलोट से प्रारंभ हुई रैली नगर के प्रमुख मार्गों से होकर गुजरी, जहां विद्यार्थियों ने नशा मुक्ति के नारे लगाते हुए आमजन को नशे के दुष्परिणामों से अवगत कराया।  

 रैली को संबोधित करते हुए एसडीओपी पल्लवी गौर ने कहा कि मध्य प्रदेश शासन द्वारा नशे के विरुद्ध व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान के अंतर्गत स्कूलों एवं महाविद्यालयों में रैलियों के साथ-साथ रंगोली, चित्रकला, निबंध, भाषण तथा अन्य रचनात्मक प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा, ताकि विद्यार्थी नशे के दुष्परिणामों को समझें और समाज में जागरूकता फैलाने में अपनी भूमिका निभाएं। उन्होंने बताया कि इन प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को पुरस्कृत भी किया जाएगा। उन्होंने कहा कि नशा केवल व्यक्ति ही नहीं, बल्कि पूरे परिवार और समाज के भविष्य को प्रभावित करता है, इसलिए प्रत्येक नागरिक की सहभागिता इस अभियान की सफलता के लिए आवश्यक है।  

  थाना प्रभारी मुनेंद्र गौतम ने कहा कि नशे के विरुद्ध लड़ाई केवल पुलिस की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि पूरे समाज का दायित्व है। पुलिस लगातार अवैध मादक पदार्थों के कारोबार पर प्रभावी कार्रवाई कर रही है, वहीं जागरूकता के माध्यम से युवाओं को सही दिशा देने का भी प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने युवाओं से नशे से दूर रहकर शिक्षा, खेल और सकारात्मक गतिविधियों में भाग लेने की अपील की तथा नागरिकों से कहा कि यदि कहीं भी अवैध मादक पदार्थों की बिक्री, परिवहन या सेवन की जानकारी मिले तो तत्काल पुलिस को सूचित करें। सूचना देने वाले की पहचान पूर्णतः गोपनीय रखी जाएगी।  

रैली के दौरान छात्र-छात्राओं ने नशा छोड़ो-जीवन जोड़ो, नशा मुक्त युवा-समृद्ध भारत तथा स्वस्थ युवा, सशक्त मध्य प्रदेश जैसे नारों के माध्यम से नगरवासियों को जागरूक किया। विद्यार्थियों का उत्साह और पुलिस-प्रशासन की सक्रिय भागीदारी ने अभियान को जनजागरूकता का प्रभावी माध्यम बना दिया।  

इस अवसर पर एसडीएम विवेक सोनकर , सीएम राइज स्कूल के प्राचार्य फिरोज खान, उप निरीक्षक आर.सी. खड़िया, उप निरीक्षक मनोज पाटीदार, पुलिस अधिकारी एवं जवान, शिक्षकगण तथा बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। सभी ने नशा मुक्त समाज के निर्माण का संकल्प लेते हुए नागरिकों से इस जनअभियान में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की। 

आलोट पुलिस ने स्पष्ट किया कि नशे के विरुद्ध जनजागरूकता अभियान के साथ-साथ अवैध मादक पदार्थों के कारोबार पर सख्त कार्रवाई भी निरंतर जारी रहेगी। पुलिस और समाज की साझा भागीदारी से ही नशा मुक्त, सुरक्षित और स्वस्थ समाज का निर्माण संभव है।