सीहोर: अमोनिया गैस रिसाव से बड़ा हादसा टला, NDRF ने संभाला मोर्चा
रिपोर्टर: बसीम उददीन
सीहोर जिले के दोराहा थाना क्षेत्र में स्थित सोनाकच्छ टोल प्लाजा के पास गुरुवार सुबह एक बड़ा हादसा टल गया। कोटा से नागपुर जा रहे अमोनिया गैस से भरे टैंकर में अचानक रिसाव शुरू हो गया, जिसे समय रहते नियंत्रण में ले लिया गया। इस घटना में किसी भी प्रकार की जनहानि नहीं हुई है, जो एक बड़ी राहत की बात है।
जैसे ही अमोनिया गैस रिसाव की सूचना मिली, दोराहा थाना पुलिस ने तेजी से कार्रवाई की। पुलिस ने टोल प्लाजा के पास ही टैंकर को रुकवा लिया और सुरक्षा की दृष्टि से पूरे इलाके को घेराबंदी कर दी। जहरीली गैस के फैलाव को रोकने के लिए राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल (NDRF) और फायर ब्रिगेड की टीमों ने तत्परता से मोर्चा संभाला।
स्थिति नियंत्रण में, तकनीकी प्रयास जारी
दोराहा थाना के टीआई राजेश सिन्हा ने बताया, "गैस रिसाव की सूचना मिलते ही पुलिस और बचाव दल ने तुरंत मोर्चा संभाल लिया। रिसाव को पूरी तरह से बंद करने और स्थिति को सुरक्षित बनाने के लिए तकनीकी प्रयास जारी हैं।" उन्होंने स्पष्ट किया कि वर्तमान में स्थिति पूरी तरह से नियंत्रण में है और घबराने की कोई बात नहीं है।
अमोनिया गैस काफी तीखी और दमघोंटू होती है। प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियों की सतर्कता के कारण इस गैस को आबादी वाले क्षेत्र में फैलने से पहले ही रोक दिया गया, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया। हाईवे से गुजर रहे राहगीरों और स्थानीय निवासियों ने इस त्वरित कार्रवाई से बड़ी राहत महसूस की।
सूचना मिलने पर सीहोर मुख्यालय से तमाम प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है।
मामले को लेकर एसडीएम सीहोर, तन्मय बर्मा ने कहा कि स्थिति पूरी तरह से नियंत्रण में है और किसी भी प्रकार की घबराहट की आवश्यकता नहीं है।
Continue With Google
Comments (0)